ग्राम चौरई में जनसंवाद कार्यक्रम के तहत सीएमएचओ ने की आंगनबाडी एवं स्वास्थ्य सेवाओं की पड़ताल

दमोह – जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुडी बुनियादी स्वास्थ्य देखभाल सेवा की सुनिश्चितता हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संगीता त्रिवेदी की नवाचारी पहल जनभागीदारी से स्वास्थ्य के तहत जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी के तहत डॉ. त्रिवेदी ने जंगलों की बीच पहाड़ो की बसाहट पर स्थित ग्राम चौरई पहुंचकर ग्रामीण जनों से स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता पर चर्चा की गई एवं ग्रामीणजनों की समस्याओं को जाना। ग्रामीणजनों ने बताया कि, उप स्वास्थ्य केन्द्र चौरई में पानी एवं लाईट की परेशानी बनी हुई है। सीएमएचओ ने एएनएम को अनटाईड फंड से इन्वर्टर के द्वारा लाईट की बहाली के निर्देश दिये। ग्रामीणजनों की मांग पर डिलेवरी प्वांईट के रूप में शीघ्र ही विकसित कराने का भरोसा दिलाया वहीं जनसंवाद कार्यक्रम में मौजूद सरपंच ने उप स्वास्थ्य केन्द्र में पानी की व्यवस्था शीघ्र ही करवाने आश्वस्त किया। ग्रामीणजनों को सुलभ रूप से ओपीडी सेवायें प्राप्त हो सकें इसके लिये डॉ. त्रिवेदी ने मौजूद सेक्टर मेडीकल आफीसर को निर्देश दिये कि, उप स्वास्थ्य केन्द्र चौरई में सप्ताह में एक दिन मेडीकल आफीसर को भेजा जाना सुनिश्चित किया जाये। चर्चा के दौरान ज्ञात हुआ कि यहां मोबाईल एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या के चलते जननी एक्सप्रेस वाहन एवं डाटा फीड कराने के संबंध में भी परेशानियां बनी रहती हैं, इस पर सरपंच ने बताया कि, बीएसएनएल का टावर लगा हुआ है इस दिशा में प्रयास किये जा रहे हैं । वन विभाग द्वारा एनओसी प्राप्त होते ही समस्या का निराकरण हो जायेगा। ग्राम में बिजली की समस्या बने रहने के संबंध में सीएमएचओ द्वारा सुझाव दिया गया कि, सीमित व्यय में ही सोलर सिस्टम के जरिये शासकीय केन्द्रों, घरों में जनभागीदारी से लाभ लिया जा सकता है। सरपंच की मौजूदगी में ग्रामीणजनों ने एकमतेन रूप से अपना सहयोग देने की बात कही। सरपंच ने बताया कि स्वास्थ्य एवं आंगनबाडी से जुड़ी सेवायें ग्रामीणजनों को बिना किसी परेशानी के प्राप्त हो रही है, इस पर सीएमएचओ ने खुशी जताते हुये ग्रामीणजनों को बीमारियों से बचाव के लिये गांव में सतत रूप से स्वच्छता बनाये रखने की समझाईश दी। सेहतमंद बने रहने के लिये आहार में गुड, चना को भी शामिल किये जाने की हिदायत दी। इस मौके पर आईसीडीएस पर्यवेक्षक, ग्राम पंचायत सचिव, एएनएम, आशा, आंगनबाडी कार्यकर्ता के अलावा डीपीएम, डीसीएम, एएसओ एवं सेक्टर सुपरवाईजर भी मौजद रहे।

Subscribe to my channel
Comments are closed.