जबलपुर न्यूज़:-मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करडॉक्टर्स, नर्सेस व पैरामेडिकल स्टॉफ से किया संवाद
मुख्यमंत्री Shivraj Singh Chouhan ने आज कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष से मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल व अन्य हॉस्पिटल जो कोविड का इलाज कर रहे हैं उनके संचालकों से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से चर्चा की। इस दौरान सहकारिता एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री श्री अरविंद भदौरिया, विधायक श्री अजय विश्नोई, कमिश्नर श्री बी. चंद्रशेखर, आईजी श्री बीएस चौहान, कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ बहुगुणा और नर्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ जितेंद्र जामदार उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी डॉक्टर्स, नर्सेस व पैरामेडिकल स्टॉफ से कहा कि मैं आपके संस्कारधानी में आया हूं । आप परिश्रम, समर्पण व मेहनत से कोविड महामारी से लड़ रहे हैं । आप असली कोविड योद्धा हैं। संक्रमण के खिलाफ दिन-रात युद्ध कर रहे हैं । कई लोग कई दिनों से अपने परिवार से नहीं मिले हैं। महामारी के खिलाफ आपका योगदान अभिनंदनीय है। आपके बिना यह लड़ाई नहीं जीती जा सकती।
उन्होंने कहा कि सभी मिलकर इस लड़ाई को लड़ें। दूसरी लहर के खिलाफ लड़ते हुये, आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा देने में सफल रहे हैं। इसके फलस्वरूप व्यवस्थायें धीरे-धीरे बेहतर हुई है। जबलपुर को 17- 18 जिलों के मरीजों का भार भी वहन करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इलाज निशुल्क हो, इस दिशा में कार्य करें। इसके लिये कुछ अनुबंधित अस्पताल भी हैं, इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत भी गरीबों का निशुल्क इलाज करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा की वैक्सीन को लेकर जो भ्रम है उसे समाप्त कर लोगों को जागरूक करें। जो संक्रमित हैं उन्हें होम आइसोलेट करें और होम आइसोलेशन वालों को कोविड कमांड सेंटर से फोन के माध्यम से नियमित तौर पर स्वास्थ्य संबंधी सलाह दें। इसके साथ ही उन्होंने ब्लैक फंगस जैसे आंख की बीमारी के संबंध में कहा कि इसमें कौन सी दवाई कारगर है, विशेषज्ञ और चिकित्सक इस बारे विचार करें और सुझाव दें। उन्होंने कहा कि आईसीएमआर और भारत सरकार भी इस संबंध में राज्य शासन के संपर्क में हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड के खिलाफ लड़ाई लंबी हो सकती है तीसरी लहर भी आ सकती है, अतः सभी चिकित्सक और इससे जुड़े लोगों से उन्होंने कहा कि इस दिशा में आवश्यक तैयारी कर लें। वीडियों कांफ्रेसिंग में डॉ. राजेश धीरावाणी, डॉ. पवन स्थापक व डॉ. जितेन्द्र भार्गव आदि उपस्थित रहे।



Subscribe to my channel
Comments are closed.