जबलपुर न्यूज़:-भर्ती करने से मना करने पर निजी अस्पतालों को कोविड मरीजोंके उपचार की दी गई अनुमति करें निरस्त- कलेक्टरकलेक्टर ने की आयुष्मान कार्डधारी कोरोना मरीजों कोनिजी अस्पतालों में भर्ती कराने के कार्य की समीक्षा
कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा ने आज गुरुवार की दोपहर जिला अस्पताल पहुंचकर आयुष्मान कार्डधारी कोरोना पीडि़तों को निजी में उपचार के लिये भर्ती कराने की दिशा में अभी तक हुई प्रगति की समीक्षा की और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को इस योजना का लाभ दिलाने के निर्देश स्वास्थ विभाग के अधिकारियों को दिये। श्री शर्मा ने इस दौरान स्वास्थ अधिकारियों से कहा कि जो भी निजी अस्पताल आयुष्मान कार्डधारी व्यक्ति को भर्ती करने से मना करता है कोविड मरीजों के उपचार की उसे दी गई अनुमति को तत्काल निरस्त कर दिया जाये ।
कलेक्टर ने इस अवसर पर आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन के लिये जिला अस्पताल में बनाये गये विशेष सेल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने यहां शासकीय एवं निजी अस्पतालों में उपचार के लिये भर्ती आयुष्मान कार्डधारी कोरोना मरीजों के आयुष्मान पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया देखी। श्री शर्मा ने ऐसे प्रत्येक पात्र व्यक्ति जिसका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है निजी अस्पतालों में उपचार के लिये भर्ती होने पर तत्काल उसका आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश भी दिये।
कलेक्टर ने आयुष्मान कार्डधारी कोरोना मरीजों को निजी अस्पतालों में नि:शुल्क उपचार दिलाने के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह के निर्देशों पर प्रभावी अमल के लिए ज्यादा से ज्यादा निजी अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना में रजिस्टर्ड कराने की हिदायत भी अधिकारियों को दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है तो भी उसके परिवार के अन्य सदस्यों के आयुष्मान कार्ड के आधार पर उपचार के लिए भर्ती कराया जाये। भर्ती होने के बाद चौबीस घंटे के भीतर उसका आयुष्मान कार्ड बनाया जाये।
आयुष्मान कार्डधारी कोरोना मरीजों को नि:शुल्क उपचार दिलाने की दिशा में हुई प्रगति का जायजा लेने जिला अस्पताल पहुंचे कलेक्टर श्री शर्मा को बताया गया पिछले तीन दिनों में 127 से अधिक आयुष्मान कार्डधारी कोरोना मरीजों को निजी अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है तथा 18 निजी अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा गया है। इन्हें मिलाकर अब शहर के 38 अस्पतालों में आयुष्मान कार्डधारी कोरोना मरीजों को नि:शुल्क उपचार का लाभ मिल रहा है। इस दौरान जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. सीबी अरोरा, रेजीडेंट मेडीकल आफीसर डॉ. संजय जैन, डिप्टी कलेक्टर मेघा पवार, डीपीएम श्री शुक्ला भी मौजूद थे।



Subscribe to my channel
Comments are closed.