शहडोल न्यूज:- आज बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का शहडोल आगमन हुआ। जहां उन्होंने मुख्यालय से लगे ग्राम कोटमा में पहुंचकर मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान अन्तर्गत आयोजित शिविर को सम्बोधित किया।

इसके साथ ही उन्होंने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों के समक्ष ही संबंधित कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार जनता की सेवा के लिए कृत संकल्पित है।
शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मिलना चाहिए। योजनाओं से सबको फायदा हो, सबके जीवन में समृद्धि आएं उनके जीवन में खुशहाली आएं, गरीब की जिंदगी सुधर जाए ऐसे प्रयास होने चाहिए। शिविर में विभाग एवं योजनावार प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, हमने फैसला किया है कि, शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राही सरकारी दफ्तरों के चक्कर नही लगाएगें, बल्कि शासन, प्रशासन के लोग गांवों में जाकर हितग्राहियों से सम्पर्क स्थापित करेंगे और उन्हें कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं।
प्रधानमंत्री सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण, मुख्यमंत्री कल्याण विवाह, लाड़ली लक्ष्मी, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री मातृ वंदना, उज्वला, किसान क्रेडिट कार्ड, आहार अनुदान, किसानों के लिए संचालित मछुआ क्रेडिट, उद्यम, अटल पेंशन आदि योजना की ग्रामीणों के समक्ष समीक्षा करते हुए कहा कि, इन योजनाओं से जिन हितग्राहियों को लाभ नहीं मिल रहा है, उनकी सूची तत्काल तैयार करें। सभी 33 प्रकार की योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को 31 अक्टूबर के पूर्व दिलायें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि, 31 अक्टूबर तक कोई भी पात्र हितग्राही हितलाभों से वंचित नहीं रहे। किसान कल्याण योजना के अन्तर्गत कई किसानों को राशि नहीं मिलने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। प्रशासनिक अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि, किसानों के लिए यह योजना काफी समय से संचालित है, जिसमें उन्हें 10 हजार रूपये की राशि उपलब्ध कराई जाती है। फिर यह राशि पात्रों को अभी तक क्यों नहीं मिल सकी।
अधिकारियों को निर्देशित किया, किसान सम्मान निधि से जिन किसानों को लाभ नहीं मिला है, उनकी सूची तैयार करें। उन्हें प्राथमिकता के साथ लाभ दिलाने का काम करें। कहा कि, राशन वितरण व्यवस्था को और अधिक कारगर और पारदर्शी बनाएं, योजना का लाभ सभी पात्र गरीब परिवारों को मिलना चाहिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण भी किया।
मुख्यमंत्री ने आई सेक्ट के छात्रों से की भेंट
मुख्यमंत्री ने ग्राम कोटमा में आयोजित मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान शिविर में आई सेक्ट के छात्र-छात्राओं से भेंटकर, उन्हें बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि, अपने कार्य में लगन एवं मेहनत से उत्तरोतर सफलता हासिल करें। जिससे देश का और आपका सबका नाम रोशन हो। इसके साथ ही कोटमा में आयोजित शिविर में जिले के स्वतंत्रता से पूर्व से आज तक शिक्षा के क्षेत्र में किये गए उत्कृष्ट कार्याें से संबंधित शिक्षक राजन सिंह द्वारा लिखित स्वतंत्रता पूर्व शिक्षा के प्रणेता स्वर्गीय रामविलास सिंह जी स्मृति पुस्तिका का विमोचन भी किया।
हायर सेकेण्ड्री स्कूल कोटमा में किया पौधरोपण
मुख्यमंत्री ने कोटमा में आयोजित मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान शिविर के पूर्व हायर सेकेण्ड्री स्कूल कोटमा के परिसर में पौधरोपण किया एवं स्कूल के परिसर को स्वच्छ एवं पर्यावरणीय स्वरूप प्रदान करने की छात्रों एवं शिक्षकों को सलाह भी दी।
गांधी चौक में यह की घोषणा
भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र को लेकर गांधी चौक में आयोजित जनसभा को सभा को संबोधित करते हुए कहा कि, जिन वार्डों में सड़कों की हालत खराब हैं, नालियों की जरूरत है, निर्माण कार्य किया जाएगा। पार्टी ने यह संकल्प लिया है कि, शहडोल को ग्रीन शहडोल, स्मार्ट शहडोल, हाईटेक शहडोल बनाया जाएगा। इसके लिए मामा कोई कसर नहीं छोड़ेगा।
संकल्प पत्र में जो वचन लिए गए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा। शहर में मार्ग चौड़ीकरण डिवाइडर बनाने, शहरी पेयजल के तहत पानी टंकी, पाइप लाइन बढ़ाने के लिए पहले ही कह दिया है। इसके साथ ही शहडोल में 1000 सीटर सुंदर ऑडिटोरियम भी बनाया जाएगा, ताकि हम यहां बड़े कार्यक्रमों का आयोजन कर सकें।
भविष्य में बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए नवलपुर में अमृत योजना के तहत सोन नदी पुल पर बैराज, पानी की टंकी और पाइप लाइन बिछाए जाने का काम भी किया जाएगा। जिसके लिए 28.92 करोड रुपए स्वीकृत किए जाएंगे।
यह रहे उपस्थित
मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान अन्तर्गत आयोजित शिविर में जिले के प्रभारी मंत्री रामखेलावन पटेल, सांसद हिमाद्री सिंह, अध्यक्ष महिला वित्त विकास निगम अमिता चपरा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभा मिश्रा, विधायक जैतपुर, ब्यौहारी विधायक शरद कोल, कमिश्नर राजीव शर्मा, कलेक्टर वंदना वैद्य, उपाध्यक्ष जिला पंचायत फूलवती, जनपद अध्यक्ष सोहागपुर हीरावती कोल,जनपद उपाध्यक्ष शक्ति सिंह कोटमा अपर कलेक्टर अर्पित वर्मा, सीईओ जिला पंचायत एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।

Subscribe to my channel
Comments are closed.