शहडोल न्यूज:- संभागीय मुख्यालय शहडोल के बाणगंगा मेले में स्टॉल लगाकर दी गई विधिक जानकारी!

शहडोल 17 जनवरी 2023 माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश श्री वीरेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में तथा सचिव निशा विश्वकर्मा के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शहडोल द्वारा बाणगंगा मैदान पर आयोजित मकर संक्रन्ति मेले में स्टाॅल लगाया जाकर विधिक सेवा योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। दिनांक 17 जनवरी को मेले में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जानकारी देते हुये विधिक सहायता अधिकारी श्री अमित शर्मा ने बताया कि समाज की अंतिम पंक्ति के प्रत्येक व्यक्ति निःशुल्क विधिक सेवा एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिये विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यरत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ऐसा व्यक्ति जो महिला है या 18 वर्ष से कम उम्र का बालक है या अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जनजाति का है या दिव्यांग या बेगार से पीड़ित है या प्राकृतिक अथवा कृत्रिम आपदा से पीड़ित है या अभिरक्षा में है या ऐसे व्यक्ति जिसकी वार्षिक आय 2 लाख रूपये से कम है, निःशुल्क विधिक सेवा एवं सहायता के पात्र होते है। निःशुल्क विधिक सहायता माननीय उच्च न्यायालय में उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति तथा माननीय उच्चतम न्यायालय में उच्चतम न्यायालय विधिक सेवा समिति के माध्यम से भी प्रदान की जाती है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा जनपयोगी सेवाओं की स्थायी लोकअदालत का आयोजन किया जाता है जिसके अंतर्गत यातायात सेवा, टेलीफोन सेवा, किसी स्थापना द्वारा जनता को विद्युत, प्रकाश या जल का प्रदाय, सार्वजनिक स्वच्छता प्रणाली, बीमा, चिकित्सालय, भू-संपदा एवं शैक्षणिक संस्थानों की सेवाओं से संबंधित विवाद का कोई भी पक्षकार विवाद को किसी न्यायालय से समक्ष लाने के पूर्व कार्यालय में उपस्थित होकर स्थायी लोकअदालत के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। वर्ष 2023 में दिनांक 11 फरवरी को वर्ष की प्रथम नेशनल लोकअदालत का आयोजन किया जा रहा है जिसमें समस्त राजीनामा योग्य प्रकरणों का निराकरण किया जायेगा। इस लोकअदालत का आयोजन जिला न्यायालय, सिविल न्यायालय ब्यौहारी, बुढ़ार एवं जयसिंहनगर, श्रम न्यायालय में किया जावेगा। अमित शर्मा ने मेला भ्रमण करने वाले समस्त जनसामान्य से अपील की है कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा संचालित समस्त जन हितैषी योजनाओं की जानकारी प्राधिकरण के स्टाॅल के माध्यम से निःशुल्क प्राप्त करें तथा विवाद रहित समाज की स्थापना में योगदान प्रदान करें।

Subscribe to my channel
Comments are closed.