छुट-पुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शान्तिपूर्ण संपन्न

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने निरन्तर भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया पर रखी नजर
विधानसभा निर्वाचन 2023 के तहत मुरैना जिले की 6 विधानसभा क्षेत्रों में छुट-पुट घटनाओं को छोड़कर शान्तिपूर्ण मतदान सम्पन्न हुआ। मतदान के समय कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अंकित अस्थाना एवं पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र सिंह चौहान मतदान के समय निरन्तर विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण करते रहे। इनके अलावा सेक्टर ऑफीसर, पुलिस मोबाइल वेन, रिटर्निंग ऑफीसर निरंतर भ्रमण पर रहे। कलेक्टर ने विधानसभा क्षेत्र जौरा, सुमावली, मुरैना, दिमनी और अम्बाह के अधिकतम मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर पॉलिंग पार्टियों से सतत सम्पर्क स्थापित करते रहे एवं चुनाव प्रक्रिया पर निरन्तर निगाहें बनाये रहे।
विधानसभा निर्वाचन 2023 को सम्पन्न कराने के लिये जिले की 6 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1706 मतदान केन्द्रों पर 7 हजार 568 कर्मचारी लगाये गये थे। इसके साथ ही 6 विधानसभा क्षेत्रों में 170 सेक्टर ऑफीसर, 669 माईक्रो ऑब्जर्वर, क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर बीएसएफ का बल तैनात किया गया था। मतदान केन्द्रों पर सीसीटीव्ही कैमरे लगाये गये। पुलिस मोबाइल ने हर 10-15 मिनट के अन्तराल में मतदान केन्द्र पर पहुंचकर स्थिति देखी। शान्तिपूर्ण ढंग से मतदान प्रक्रिया के संचालन के लिये सुरक्षा बल तैनात रहा। भ्रमण के समय सीईओ जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर श्री सीबी प्रसाद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविन्द ठाकुर, पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य श्री मनोज कुमार सक्सेना, राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स डॉ. अमित खण्डेलवाल, श्री वीरेन्द्र कुमार जैन, श्री आर.बी. गौड़, श्री विवेक वर्मा, जिले के समस्त जनपद सीईओ, सीएमओ, नगर निगम कमिश्नर श्री देवेन्द्र सिंह चौहान, डॉक्टरों की टीम, सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन निरन्तर भ्रमण करते रहे।

Subscribe to my channel
Comments are closed.