पटवारी हत्या मामले में सियासत: कांग्रेस बोली- MP में माफियाओं का कब्जा, शिवराज सरकार के दौरान पनपे भ्रष्टाचार-घोटालों के कारण बनी स्थिति, BJP ने किया पलटवार

भोपाल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में पटवारी की हत्या मामले में सियासी पारा गरम हो गया है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिवराज सरकार के दौरान पनपे भ्रष्टाचार और घोटालों के कारण यह स्थिति बनी। ये पहला मौका नहीं जब एमपी में रेत माफियाओं ने इस तरह किसी अधिकारी को कुचला है। वहीं कमलनाथ ने प्रशासन से पटवारी के परिवार को समुचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने एक्स (X) पर पोस्ट कर लिखा- शहडोल में रेत माफिया द्वारा अवैध खनन रोकने गए पटवारी प्रसन्न सिंह को ट्रैक्टर से कुचलकर मार देने की जघन्य वारदात सामने आई है। यह पहला मौका नहीं है जब मध्य प्रदेश में रेत माफिया ने इस तरह से किसी सरकारी व्यक्ति को कुचल कर मार दिया हो। मध्य प्रदेश में शिवराज सरकार के दौरान पनपा भ्रष्टाचार और घोटालों के कारण यह स्थिति बनी है।
इसके साथ ही उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने आगे लिखा- ईश्वर उनके परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। प्रशासन से मांग है कि दिवंगत पटवारी के परिवार को समुचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। ओम शांति।
नेता प्रतिपक्ष ने साधा निशाना
नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में रेत और शराब माफियाओं का कब्जा है। सरकार ने माफियाओं को संरक्षण दे रखा है। सरकारी कर्मचारियों से मारपीट और हत्या की जा रही है। इन अपराधियों के मकान क्यों नहीं तोड़े जा रहा है ? मुख्यमंत्री भगवान के सामने कितने भी शीर्षासन कर लें, इन्हें ईश्वर माफ नहीं करेगा। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है। जनता इस सरकार से मुक्ति चाहती है, भगवान इन्हें माफ नहीं करेगा।

बीजेपी ने किया पलटवार
वहीं बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि अपराधी पर कल रात ही इनाम घोषित हो गया था, आरोपी की गिरफ्तार हो गया है। बीजेपी की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी है। आचार संहिता में कांग्रेस के माफिया अपना सर उठाने लगे हैं। सरकार बनने के बाद 3 तारीख को सरकार कदम उठाएगी।

Subscribe to my channel
Comments are closed.