भारत में सबसे तेजी से उभरता हुआ वेब न्यूज़ चैनल

राज्यपाल ने आदिवासी कला संकुल भवन (आर्ट सेंटर) लोढ़ा का किया लोकार्पण तथा फीता काटकर किया शुभारंभ

190
Above News

विकास सचदेव की ब्यूरो रिपोर्ट

कार्य ऐसा करो, जिसका सर्वोत्तम परिणाम प्राप्त हो- राज्यपाल श्री मंगुभाई भाई पटेल

राज्यपाल ने सुप्रसिद्ध पद्मश्री प्राप्त स्व. जोधाईया बाई बैगा के परिजनों से बैगा आर्ट के संबंध में की चर्चा

– मध्य प्रदेश के माननीय राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल ने कहा है कि सभी को कार्य ऐसा करना चाहिए, जिससे हमेशा ही सर्वोत्तम परिणाम प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज को शासन की सभी महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ मिलें, सभी ऐसा प्रयास करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनप्रतिनिधियों को अपने कार्यकाल के दौरान एक ऐसा कार्य अवश्य करना चाहिए, जिन कार्यों को लोग एवं समाज हमेशा याद रखें। राज्यपाल ने कहा कि जनजातीय पेंटिंग एवं कलाकृतियों को और अधिक प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है, इसके लिए भी अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि विशेष प्रयास करें। मध्य प्रदेश के माननीय राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल आज उमरिया जिले के ग्राम पंचायत लोढ़ा में आदिवासी कला संकुल भवन (आर्ट सेंटर) का लोकार्पण के दौरान यह बातें कहीं।

इस दौरान राज्यपाल ने ग्राम पंचायत लोढ़ा में विवेकाधीन अनुदान मद से लगभग 5 लाख रुपए लागत से निर्मित आदिवासी कला संकुल भवन (आर्ट सेंटर) का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान राज्यपाल ने सुप्रसिद्ध पद्मश्री तथा नारी शक्तिसम्मान प्राप्त स्व. जोधाईया बाई बैगा के परिजन श्रीमती रिंकू भाई बैगा, दुखिया बाई बैगा एवं श्री अमर बैगा से बैगा पेंटिंग आर्ट एवं बैगा कलाकृतियों के संबंध में चर्चाएं की। उन्होंने कहा कि यह हुनर दूसरे जनजातीय व्यक्तियों को भी अवश्य सिखाएं। इस दौरान राज्यपाल ने प्रशासन द्वारा दिए जा रहे सहयोग के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की तथा प्रशासन द्वारा किए गए सहयोग की प्रशंसा भी की। इस दौरान राज्यपाल को प्रशासन द्वारा बैगा पेंटिंग स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की गई।

ग्राम पंचायत लोढ़ा पहुंचने पर माननीय राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल का स्वागत बैगा जनजातीय के लोगों द्वारा पारंपरिक सैला नृत्य एवं कलश यात्रा निकालकर किया गया। इस दौरान राज्यपाल ने कक्षा आठवीं की छात्रा अल्का बैगा एवं शालिनी बैगा से भी चर्चा की तथा उनके शैक्षणिक गतिविधि एवं भविष्य में वह क्या बनना चाहती हैं, के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में सांसद शहडोल संसदीय क्षेत्र श्रीमती हिमाद्री सिंह, विधायक मानपुर सुश्री मीना सिंह, विधायक बांधवगढ़ श्री शिव नारायण सिंह, कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता, पुलिस महा निरीक्षक शहडोल जोन श्री अनुराग शर्मा, डीआईजी शहडोल जोन सुश्री सविता सुहाने, कलेक्टर उमरिया श्री धरणेन्द्र कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं लोग उपस्थित थे।

खबरों के अपडेट पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More

Privacy & Cookies Policy
E-Paper