विद्याथियो को शिक्षा के क्षेत्र में मिल रही नई उड़ान- विधायक

विकास सचदेवा की ब्यूरो रिपोर्ट
जिले के 147 मेधावी छात्र-छात्राओ को मिला स्कूटी का उपहार
जिले के विभिन्न विद्यालयों में राज्य स्तरीय स्कूटी वितरण कार्यक्रम लाइव देखा एवं सुना गया
– संभागीय मुख्यालय शहडोल के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्कूटी वितरण कार्यक्रम का आयेाजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने मॉ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। जिले के विभिन्न विद्यालयों में राज्य स्तरीय स्कूटी वितरण कार्यक्रम लाइव देखा एवं सुना गया। स्कूटी वितरण कार्यक्रम को सम्बोंधित करते हुए विधायक जयसिंहनगर श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा विद्यार्थियो की शिक्षा के लिए विभिन्न योजनाओ का संचालन किया जा रहा है जिसमें निःशुल्क स्कूटी प्रदाय योजना भी शामिल है, इस योजना से मेधावी छात्र-छात्राओं को नई उड़ान मिल रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा सर्वाेपरि है। शिक्षा से विकास के द्वार खुलते हैं। शिक्षित व्यक्ति हर क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता साबित करता है। उन्होंने कहा कि स्कूटी मिलने से विद्यार्थियों का शिक्षा के प्रति मनोबल भी बढता है, विद्यार्थियो को मध्यप्रदेश सरकार द्वारा विद्यालयों में निःशुल्क गणवेश, साइकिलें, पुस्तक, छात्रावास जैसी अन्य सुविधाए मुहैया कराई जाती है। विधायक ने कार्यक्रम को सम्बोंधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी बेहतर से बेहतर शिक्षा प्राप्त करें और कलेक्टर, डॉक्टर, इंजीनियर जैसे अन्य महत्वपूर्ण पदों में जाए एवं अपने विद्यालय, शिक्षको, गांव, जिले, संभाग का नाम रोशन करें तथा देश के विकास में अपना योगदान दें।
सदस्य जिला योजना समिति श्रीमती अमिता चपरा ने स्कूटी वितरण कार्यक्रम को सम्बोंधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी देश के भविष्य है, विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार निरंतर प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने बच्चो को विद्यालय अवश्य भेजें ताकि बच्चा बेहतर से बेहतर शिक्षा प्राप्त कर विद्यालय, गांव जिला एवं देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होने स्कूटी प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रा-छात्राओ को उज्ज्वल भविष्य की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी।
स्कूटी वितरण कार्यक्रम में विधायक श्रीमती मनीषा सिंह एवं सदस्य योजना समिति श्रीमती अमिता चपरा ने मेधावी छात्र-छात्राओ को प्रतीक स्वरूप स्कूटी की चाबी एवं चेक प्रदान किया। इस अवसर पर संयुक्त संचालक शिक्षा श्री उमेश धुर्वें, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री आनंद राय सिन्हा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री फूलसिंह मरपाची, प्राचार्य शासकीय एमएलबी श्रीमती साधना जैन, समाजसेवी श्री अमित मिश्रा, बंटी गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं विद्यार्थिी उपस्थित रहें।
जिले के विभिन्न विद्यालयों में स्कूटी वितरण कार्यक्रम आयेाजित किए गए। जिले में कुल 147 मेधावी छात्र-छात्राओ को स्कूटी का वितरण किया गया एवं भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में आयोजित निःशुल्क स्कूटी प्रदाय कार्यक्रम को वर्चुअली रूप से देखा एवं सुना गया।
निःशुल्क ई-स्कूटी योजना के अंतर्गत ऐसे छात्र-छात्राऐं पात्र होते हैं जिन्होंने प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग अन्तर्गत संचालित शासकीय हायर सेकेण्डरी शाला में नियमित विद्यार्थी के रूप में अध्ययन कर माध्यमिक शिक्षा मण्डल की हायर सेकेण्ड्री कक्षा 12वीं में समस्त संकाय को शामिल कर अपनी शाला में नियमित परीक्षार्थी के रूप में टॉप किया हो। बालिका विद्यालय की दशा में स्कूल की टॉपर एक बालिका को, बालक विद्यालय होने की दशा में एक टॉपर बालक को एवं को-एड स्कूल जिसमें बालक बालिकाएं दोनों अध्ययनरत हों की दशा में स्कूल की एक टॉपर बालिका एवं एक टॉपर बालक अर्थात एक स्कूल से दो विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान किए जाने का प्रावधान है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समग्र शिक्षा की सेनिटेशन एवं हाईजीन योजना अंतर्गत वर्ष 2025 में कक्षा 7वीं से 12वीं की 20 लाख 37 हजार 439 बालिकाओं को लगभग 61 करोड़ रूपये डीबीटी द्वारा बालिकाओं के बैंक खाते में अंतरित की। इस योजना के तहत शासकीय विद्यालयों की कक्षा सातवीं से 12वीं तक अध्ययनरत बालिकाओं को स्वास्थ्य स्वच्छता के लिये300 रूपये की राशि प्रतिवर्ष प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में 20 हजार 100 बालिकाओं के बैंक खातों में 7 करोड रूपयों की स्टायपंड राशि भी अंतरित करेंगे। उल्लेखनीय है कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय टाईप (प्ट) योजना अंतर्गत छात्रावासों में निवासरत बालिकाओं को टी.एल.एम एवं स्टायपंड के लिए प्रति बालिका 3400 रूपये प्रति वर्ष प्रदान की जाती है।

Subscribe to my channel
Comments are closed.