दमोह में वाहन चोरी का पर्दाफाश: थाना पथरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई,दो वाहन चोर गिरफ्तार,15 बाइक बरामद।

सचिन सिंह राजपूत
दमोह। जिले में बढ़ती वाहन चोरी की वारदातों पर नकेल कसते हुए पथरिया थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 15 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी लंबे समय से जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से वाहनों की चोरी कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक श्रीकांत शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह भदौरिया के निर्देश पर एसडीओपी पथरिया श्री अमित सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अमित मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
चार वारदातों का हुआ खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जिले के विभिन्न इलाकों से अलग-अलग समय पर मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
घटना 01: ग्राम तिमरिया निवासी कैलाश विश्वकर्मा की बाइक MP 34 MQ 3471 को 26 अगस्त की सुबह मंदिर दर्शन के दौरान चोरी कर लिया गया। बाइक की कीमत करीब 40,000 रुपये आंकी गई।
घटना 02: ग्राम भुतुवा निवासी रमेश सिंह की बाइक MP 34 MJ 3933 को 26 अगस्त को मंदिर परिसर से चोरी किया गया, जिसकी कीमत लगभग 25,000 रुपये है।
घटना 03: जिला निवासी उपेंद्र अहिरवार की बाइक MP 34 ML 2601 को 4 सितंबर की सुबह मंदिर दर्शन के दौरान चोरी कर लिया गया, जिसकी कीमत लगभग 20,000 रुपये है।
घटना 04: ग्राम पथरिया निवासी लीलाधर साहू की बाइक MP 34 MK 7925 को 17 अगस्त की सुबह मंदिर परिसर से चोरी कर लिया गया।
लगातार कार्रवाई से चोरी पर लगेगी लगाम
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में जिले और आसपास के अन्य क्षेत्रों में भी चोरी की कई घटनाओं को कबूल किया है। फिलहाल दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दमोह पुलिस की इस सफलता से वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है और आमजन में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।

Subscribe to my channel
Comments are closed.