भारत में सबसे तेजी से उभरता हुआ वेब न्यूज़ चैनल

केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में सभी अधिकारी प्रोएक्टिव होकर करें काम – प्रभारी मंत्री श्री शुक्ल

200
Above News

विकास सचदेवा की ब्यूरो रिपोर्ट

जिले के विकास में जनप्रतिनिधियों, प्रशासन के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र के विशेष के व्यक्तियों के अनुभव का उपयोग किया जाएगा


जिले के औद्योगिक विकास एवं इंडस्ट्रियल पार्क की स्थापना हेतु 1500 एकड़ जमीन करें आरक्षित

जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में विकास कार्यों की प्रगति की व्यापक समीक्षा

– जिले के सर्वांगीण विकास को गति देने के उद्देश्य से जिला विकास सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आज उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के विराट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जैतपुर विधायक श्री जयसिंह मरावी, विधायक जयसिंहनगर श्रीमती मनीषा सिंह, विधायक ब्यौहारी श्री शरद जुगलाल कोल, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती प्रभा मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम जायसवाल, जिला योजना समिति की सदस्य श्रीमती अमिता चपरा, कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री रामजी श्रीवास्तव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, अन्य जनप्रतिनिधि, जिला विकास सलाहकार समिति के अन्य सदस्य एवं अधिकारीगण मौजूद रहे।
बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल द्वारा जिले से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

बैठक में नगर पालिका शहडोल में पेयजल आपूर्ति हेतु एनीकट योजना की प्रगति, सीवरेज लाइन की प्रगति, एमपीआरडीसी द्वारा बनाई जा रही सड़कों की प्रगति, मेडिकल कॉलेज में पीजी कक्षाओं का संचालन, एमबीबीएस सीटों में बढ़ोत्तरी, नर्सिंग कॉलेज निर्माण की प्रगति एवं ब्लड बैंक संचालन, जल जीवन मिशन, जल संसाधन की निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाओं, औद्योगिक निवेश के प्रस्तावों की क्रियान्वयन, प्राकृतिक खेती, आदि विषयों की समीक्षा की।
नगर पालिका शहडोल में एनीकट निर्माण तथा सीवरेज लाइन विस्तार की समीक्षा-
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने शहडोल नगर, मेडिकल कॉलेज एवं नगरीय निकाय में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति हेतु 27 करोड़ रूपए की लागत से सोन नदी में बनाए जाने वाले एनीकट बैराज के प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसा प्रयास किया जाए कि इसी वर्ष गर्मी में योजना के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति की जा सके। बैठक में बताया गया कि एनीकट बैराज निर्माण का टेंडर इसी माह जारी कर दिया जाएगा। शहडोल नगर में सीवरेज लाइन के कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि मार्च माह तक काम पूरा कर लिया जाए। सीवरेज लाइन का विस्तार पतली गलियों में भी किया जाए। सीवरेज लाइन से शहर की जो रोड क्षतिग्रस्त हुई हैं उनका रेस्टोरेशन भी कराया जाए। कार्य पूरा हो जाने पर नगरवासियों को डिमास्टेशन के माध्यम से दिखाया जाएगा कि किस तरह से शहर का गंदा पानी फिल्टर कर शहर को गंदगी एवं बीमारियों से बचाने का कार्य किया गया है। बैठक में बताया गया कि परियोजना की लागत 170 करोड़ रूपए है तथा नेटवर्क 213 किलोमीटर का है अभी तक 140 किलोमीटर में कार्य कर लिया गया है।


      उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि जिले में खनिजो के अवैध उत्खनन एवं परिवहन प्रतिबंधित किया जाए। वैध परिवहन सुनिश्चित करने के लिए कानूनी प्रावधान सुनिश्चित किए जाएं।
सड़क मार्गों, बाईपास एवं रिंग रोड की प्रगति की समीक्षा
उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने जयसिंहनगर में बाईपास एवं ब्यौहारी में रिंग रोड, शहडोल से उमरिया मार्ग, टेटका से शहडोल मार्ग के प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रस्ताव शासन को प्रेषित किए जाएं तथा इन कार्यों के निर्माण में आने वाली समस्याओं का निराकरण संबंधित अधिकारी प्रोएक्टिव होकर करें। जहां भी आवश्यकता होगी सहयोग के लिए उपलब्ध रहूंगा। बैठक में बताया गया कि शहडोल बाईपास में फ्लाई ओव्हर का निर्माण एक माह में पूरा कर लिया जाएगा।
जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्यों ने संभागीय मुख्यालय शहडोल में मेडिकल कॉलेज के संचालन के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल को धन्यवाद ज्ञापित किया। सदस्यों के सुझाव के अनुरूप प्रभारी मंत्री श्री शुक्ल ने मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 100 सीट से बढ़ाकर 200 सीट करने, पीजी कक्षाओं के संचालन, ब्लड बैंक के संचालन तथा मेडिकल कॉलेज के लिए अतिरिक्त जमीन का आवंटन करने, नर्सिंग कालेज निर्माण में  प्रगति लाने तथा बस स्टैण्ड से मेडिकल कॉलेज तक सड़क निर्माण के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जल जीवन मिशन एवं सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा-
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि हर व्यक्ति को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने से बीमारियों में कमी आएगी तथा अस्पतालों में मरीजों की संख्या कम होगी। उन्होंने कहा कि एकल नल-जल योजनाएं पर्याप्त पानी के अभाव में असफल हो रही हैं। इन योजनाओं को बाणसागर से पेयजल आपूर्ति का प्रस्ताव तैयार किया जाए। बैठक में बताया गया कि इसके लिए 780 करोड़ रूपए का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। आपने जिले में जल जीवन मिशन के तहत 4 नल-जल समूह परियोजनाओं तथा 636 एकल नल-जल योजनाओं में 434 पूरी हो गई है, शेष परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसी तरह जिले में सिंचाई का रकवा बढ़ाने हेतु प्रस्तावित 04 माईक्रो एरिगेशन योजनाओं की स्वीकृति में आ रही बाधाओं की जानकारी ली तथा मौके पर ही भोपाल में पदस्थ संबंध अधिकारियों से चर्चा कर इन योजनाओं के स्वीकृति में आ रही बाधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि 2500 करोड़ की लागत से बनने वाली इन परियोजनाओं की स्वीकृति शीघ्र मिलने की संभावना है।
जिले के औद्योगिक विकास एवं इंडस्ट्रियल पार्क की स्थापना हेतु 1500 एकड़ जमीन करें आरक्षित
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि जिले में औद्योगिक विकास के लिए रीजनल इंडस्ट्री कान्क्लेव में प्राप्त औद्योगिक इकाईयों की स्थापना हेतु प्राथमिकता के साथ जमीन उपलब्ध कराई जाए। आपने कहा कि एमपीआईडीसी के माध्यम से इंडस्ट्रियल पार्क की स्थापना के लिए 1500 एकड़ जमीन आरक्षित की जाए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए औद्योगिक क्रांति की आवश्यकता होती है। हमारे पास सड़क, बिजली, पानी तथा भूमि उपलब्ध है। इन संसाधनों का उपयोग कर औद्योगिक निवेश को प्राथमिकता दी जाए। जिससे जिले के बेरोजगार युवकों को रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।
प्राकृतिक खेती से मानव स्वास्थ्य एवं मृदा का होता है संरक्षण-  
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का विजन है कि मानव स्वास्थ्य एवं मृदा के संरक्षण के लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जाए।  आपने कहा कि खेती मेें रासायनिक उर्वरकों की प्रयोग से मानव जीवन के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ता है। लोग रक्तचाप, सुगर, कैंसर जैसी बीमारियों से पीड़ित हो रहे हैं। जिले में जिन स्थानों में गौशालाएं संचालित हैं वहां क्रमबद्ध तरीके से प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने हेतु जिले के किसानो को प्रोत्साहित करे। इसके लिए जन जागरूकता अभियान चलाए, जागरूकता के दौरान किसानो को जैविक खेती से होने वाले फायदे एवं नुकसानो के बारे में भी अवगत कराएं एवं बायो रिसोर्स सेंटर बनाकर उन्हे घनामृत, जीवामृत, कल्चर, आदि जैसे जैविक उर्वरक के निर्माण एवं उपयोग हेतु प्रोत्साहित करें।  आपने कहा कि रीवा में बसामन मामा गौ अभयारण्य में प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण केन्द्र शुरू किया गया है। जहां किसान मल्टीलेयर फार्मिंग कर रहे हैं। जैविक विधि से गेंहू, सब्जियां, फलदार वृक्ष तथा फूलों का उत्पादन कर आय अर्जित कर रहे हैं। केन्द्रीय मंत्री श्री अमित शाह द्वारा बसामन मामा गौ अभयारण्य का निरीक्षण कर प्राकृतिक खेती प्रकल्प की सराहना की गई है। 

        बैठक में विधायक जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने जयसिंहनगर, खन्नौधी, गोहपारू, तथा शहडोल नगर में राजाबाग से  बाणगंगा तिराहा तक फोर लाइन सड़क का निर्माण कराने, ब्यौहारी विधायक श्री शरद जुगलाल कोल ने ब्यौहारी रिंग रोड का कार्य शुरू कराने, जल संसाधन विभाग द्वारा प्रस्तावित 04 माईक्रो एरिगेशन योजनाओं को स्वीकृति दिलाने, हिरवार उद्वहन सिचांई योजना को शुरू करने हेतु विद्युत आपूर्ति का कार्य शीघ्र पूरा कराने का सुझाव दिया। जिला विकास सलाहकार समिति के प्रतिनिधियो द्वारा जिले में राजस्व मंडल स्थापित करने, गोहपारू से खन्नौधी मार्ग का चौकीकरण करने, टेक्निकल ग्राउण्ड में खेल मैदान, परीक्षा सेंटर, इंस्ट्रिटियल पार्क निर्मित करने, स्टील  प्लांट जैसे अन्य विकास कार्यों को स्थापित करने का सुझाव दिया।

बैठक में कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जिला विकास सलाहकार समिति के गठन के उदेश्यो एवं बैठक के एजेंण्डे की जानकारी देते हुए समिति के सदस्यो का स्वागत किया। आभार प्रदर्शन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने किया।

खबरों के अपडेट पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More

Privacy & Cookies Policy
E-Paper