भारत में सबसे तेजी से उभरता हुआ वेब न्यूज़ चैनल

ग्राम पंचायत मसीरा में बदहाली, पक्की नाली के पास गिरती दीवार बनी खतरा, मच्छर जनित बीमारियों का बढ़ा जोखिम

151
Above News

शिव महिमन मिश्रा

शहडोल। जिला शहडोल अंतर्गत ग्राम पंचायत मसीरा में मूलभूत सुविधाओं की बदहाली एक बार फिर सामने आई है। गांव में पक्की नाली के बाजू स्थित दीवार जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी है और गिरने की कगार पर है। इसके बावजूद ग्राम पंचायत द्वारा न तो नाली की सफाई कराई जा रही है और न ही दीवार की मरम्मत की कोई व्यवस्था की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार नाली में लंबे समय से कचरा जमा होने के कारण पानी का बहाव पूरी तरह रुक गया है। गंदा पानी जमा रहने से सीलन का प्रभाव दीवार के भीतर तक पहुंच चुका है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। वहीं, गंदगी के कारण मच्छरों का भारी प्रकोप देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थिति की जानकारी ग्राम पंचायत सचिव को कई बार दी गई, लेकिन उनके द्वारा साफ शब्दों में यह कहकर काम करने से मना कर दिया गया कि कोई कार्य नहीं होगा। सचिव की इस उदासीनता से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्र में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से मलेरिया सहित अन्य मच्छर जनित बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग व पंचायत स्तर पर फॉगिंग या एंटी लार्वा छिड़काव जैसी कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत मसीरा में लगातार हो रहे कथित भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि पंचायत में स्वीकृत कार्यों का सही ढंग से क्रियान्वयन नहीं किया जा रहा, जिससे गांव की स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले का तत्काल स्थल निरीक्षण कराकर दोषी अधिकारियों/कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए तथा नाली की सफाई, दीवार की मरम्मत और मच्छर नियंत्रण के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर जनसमस्या पर कब तक संज्ञान लेकर कार्रवाई करता है।

खबरों के अपडेट पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More

Privacy & Cookies Policy
E-Paper