ग्राम पंचायत मसीरा में तालाब की मेढ़ काटकर मिट्टी हटाने का आरोप, शासन की संपत्ति को नुकसान

शिव महिमन मिश्रा शहडोल। जिले के जयसिंहनगर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत मसीरा में पंचायत सचिव पर मनमानी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत क्षेत्र स्थित शासकीय तालाब की मेढ़ को बिना अनुमति कटवाकर तालाब में पटवा दिया गया, जिससे तालाब की मूल संरचना पूरी तरह नष्ट कर दी गई।
ग्रामीणों के अनुसार, तालाब की मेढ़ की कुछ मिट्टी बाहर भेजी गई, जबकि कुछ मिट्टी को तालाब में डालकर पूरा क्षेत्र बराबर कर दिया गया। आरोप यह भी है कि इस मिट्टी का आंशिक रूप से विक्रय किया गया, जो सीधे तौर पर शासन की संपत्ति को नुकसान पहुँचाने की श्रेणी में आता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में तालाब की मिट्टी को निर्धारित शासन मद के अंतर्गत दबान कार्य में उपयोग किया जाता था, लेकिन वर्तमान में पंचायत मेल/कमेटी के नाम पर तालाब को पाटने और मिट्टी बेचने जैसे कार्य किए जा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत मसीरा में आए दिन किसी न किसी रूप में भ्रष्टाचार सामने आ रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे हुए हैं।
इस पूरे मामले से क्षेत्रीय जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं शासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, साथ ही तालाब की पुरानी स्थिति बहाल करने और शासकीय संपत्ति के संरक्षण हेतु कड़े कदम उठाने की मांग की है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कब और क्या कार्रवाई करता है, या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।

Subscribe to my channel
Comments are closed.