दोहरी रोड पर मांस–मछली की दुकान खुलने से जनाक्रोश, नगर पालिका को सौंपा ज्ञापन

अंबाह। दोहरी रोड स्थित नगर पालिका परिषद की दुकानों में मांस–मछली की दुकान खोले जाने को लेकर स्थानीय दुकानदारों एवं रहवासियों में नाराजगी व्याप्त है। इस संबंध में व्यापारियों और नागरिकों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर उक्त दुकान को हटवाने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि संबंधित परिसर में आटा फ्लोर मिल, प्रोविजन स्टोर, कपड़े की दुकानें तथा डॉक्टरों के क्लीनिक संचालित हैं। ऐसे स्थान पर मांस–मछली की दुकान खुलने से आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है, जिससे स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका बनी हुई है।
दुकानदारों का कहना है कि दुकान के समीप एक छोटा मंदिर भी स्थित है, ऐसे में धार्मिक भावनाएं आहत होने की संभावना है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि नियमों के अनुसार मांस–मछली की दुकानों का संचालन आबादी से दूर होना चाहिए, लेकिन यहां नियमों की अनदेखी की जा रही है।
ज्ञापन सौंपने वालों ने नगर पालिका से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

Subscribe to my channel
Comments are closed.