भारत में सबसे तेजी से उभरता हुआ वेब न्यूज़ चैनल

गणतंत्र दिवस परेड से लौटीं एनसीसी अंडर ऑफिसर प्राची ताराम का सिवनी में भव्य स्वागत

978
Above News

प्रमोद सिंह

सिवनी।गणतंत्र दिवस समारोह, नई दिल्ली से लौटने पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय पी.जी. कॉलेज, सिवनी की एनसीसी कैडेट अंडर ऑफिसर प्राची ताराम का भव्य एवं गरिमामय स्वागत किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर गणतंत्र दिवस समारोह में सहभागिता करने वाली प्राची ने न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।

इस अवसर पर प्राची के परिवारजनों एवं महाविद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर, तिलक लगाकर तथा मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उपस्थित नागरिकों, एनसीसी अधिकारियों एवं एनसीसी कैडेट्स ने तालियों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ उनका स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। जिले के बस स्टैंड परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला, जहाँ सभी ने गर्व के साथ इस उपलब्धि को साझा किया।

पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी ओमेश्वर ठाकरे ने भी प्राची ताराम का स्वागत कर उन्हें बधाई दी।

उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में तृतीय स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि प्रदेश के एनसीसी कैडेट्स, अधिकारियों एवं प्रशिक्षण व्यवस्था की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सम्मान समारोह में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय को बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान कीं। मुख्यमंत्री द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जबलपुर ग्रुप को सीएम बैनर से सम्मानित किया गया, जो पूरे मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. नाग, जनभागीदारी अध्यक्ष अजय बाबा पाण्डेय एवं महाविद्यालय स्टाफ ने प्राची ताराम की इस उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि प्राची की मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण अन्य विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। महाविद्यालय प्रशासन ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी महाविद्यालय के कैडेट्स इसी प्रकार जिले, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करते रहेंगे।

खबरों के अपडेट पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More

Privacy & Cookies Policy
E-Paper