पीएम मोदी के बयान पर कांग्रेस का तीखा हमला: “इंटरनल इमरजेंसी जैसे संकेत, सरकार देश की स्थिति स्पष्ट करे बोले कुलदीप राठौर

शिमला हिमाचल प्रदेश (पी सी)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से सोना न खरीदने, विदेश यात्राएं सीमित करने और पेट्रोलियम उत्पादों के उपयोग में कटौती जैसी अपील के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस बयान को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने इसे “इंटरनल इमरजेंसी जैसे संकेत” बताते हुए देश की आर्थिक स्थिति पर सरकार से स्पष्टता की मांग की है। कुलदीप राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री की इस तरह की अपीलों के बाद देश में असुरक्षा और अनिश्चितता का माहौल पैदा हो रहा है। उनके अनुसार, इससे यह संकेत मिलता है कि देश की अर्थव्यवस्था दबाव में है और हालात सामान्य नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बयान के बाद सोना-चांदी के कारोबार पर असर पड़ा है और व्यापारियों में चिंता का माहौल है, जबकि टूर एंड ट्रैवल सेक्टर भी प्रभावित हुआ है।उन्होंने आगे कहा कि यह स्थिति मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और युद्ध के हालातों के बीच सामने आई है। राठौर ने आरोप लगाया कि चुनावी दौर में प्रधानमंत्री ने आर्थिक स्थिति को लेकर आश्वासन दिए थे, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही कमर्शियल एलपीजी गैस के दाम बढ़ा दिए गए, जिससे होटल, ढाबा और छोटे व्यापारियों की लागत बढ़ गई और आम जनता पर महंगाई का बोझ और बढ़ गया। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी पहले ही आर्थिक स्थिति को लेकर चेतावनी दे चुके थे, लेकिन केंद्र सरकार ने इन संकेतों को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत पहले रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीद रहा था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय दबाव के कारण उस नीति में बदलाव किया गया, जिससे अब देश को महंगे दामों पर तेल खरीदना पड़ रहा है।
कुलदीप राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री को जनता से अपील करने के बजाय सरकार को अपने अनावश्यक खर्चों पर रोक लगानी चाहिए। उन्होंने मंत्रियों और अफसरों के विदेश दौरों पर भी अंकुश लगाने की मांग की। उनका कहना है कि जब आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, ऐसे समय में सरकार को अपने खर्चों में कटौती करनी चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की कि वे अपने बयान पर पुनर्विचार करें और देश की आर्थिक स्थिति को लेकर पूरी तरह स्पष्टता दें। साथ ही महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं ताकि जनता को राहत मिल सके।वहीं दूसरी ओर, कुलदीप राठौर ने नारकण्डा नगर पंचायत के सर्वसम्मति से गठन पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह एक सकारात्मक लोकतांत्रिक प्रक्रिया है कि नगर पंचायत सहित कुछ पंचायतों में सभी प्रतिनिधियों की सहमति से निर्विरोध चुनाव संपन्न हुए हैं, जो क्षेत्र में आपसी सहयोग और एकता का उदाहरण है।
Subscribe to my channel
Comments are closed.