भारत में सबसे तेजी से उभरता हुआ वेब न्यूज़ चैनल

नारी से अपराध करने वालों की आर्थिक कमर तोड़ दी जायेगी – मुख्यमंत्री

217
Above News

नारी के सम्मान और सुरक्षा के लिये प्रदेश भर में चलेगा अभियान – मुख्यमंत्री

रीवा | कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र में नारी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय नारी सम्मान समारोह का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से इसमें भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नारी के सम्मान और सुरक्षा के लिये अभियान चलाया जा रहा है। नारी से अपराध करने वालों को कड़ी सजा देने के साथ उनकी आर्थिक कमर तोड़ दी जायेगी। कम उम्र की बेटियों से दुराचार करने वाले 37 अपराधियों को फांसी की सजा सुनाई जा चुकी है। बेटियों को भ्रमित कर उन्हें गलत मार्ग में ले जाने वालों के लिये भी दस साल की सजा का प्रावधान किया गया है। जिन अपराधियों ने बेटियों के जीवन को नरक बनाने का प्रयास किया उन्हें सजा दिलाकर ही दम लूंगा। समारोह में मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा तथा सम्मान जागरूकता के लिये जारी पुस्तिका का विमोचन किया।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा समाज और संस्कृति सदैव से बेटियों तथा नारियों को देवी की तरह पूजता रहा है। दुर्गा, सरस्वती, लक्ष्मी सभी देवियों को देवताओं से भी अधिक ऊंचा स्थान दिया गया है। हर माता, बहन को घर की लक्ष्मी बनाकर सम्मान दिया जाता है। लेकिन समय के साथ समाज और हमारे संस्कारों में परिवर्तन हो रहे हैं। बेटियों के साथ दुराचार, तंग करने, अपमानित करने और परेशान करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पुलिस नारी के साथ होने वाले अपराधों पर कड़ी कार्यवाही करे। साथ ही समाज की मानसिकता को बदलने तथा दूषित मानसिकता वाले लोगों को सही राह पर लाने के लिये भी व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाना होगा। सभी अभिभावक अपने बेटे बेटियों से मित्रवत व्यवहार रखें। बेटियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए पूरा अवसर दें। वर्तमान में बेटियां हर क्षेत्र में सफलताएं प्राप्त कर रही हैं।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक वर्ष में प्रदेश में पुलिस ने सराहनीय प्रयास किये हैं जिनके कारण महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों में 15 प्रतिशत की कमी आयी है। पुलिस ने वर्षों से गुमशुदा 6 हजार से अधिक बेटियों को खोज कर उनके परिवारों तक पहुंचाया है। बेटी के गुमशुदा होने की घटना दर्ज होने पर थाना प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी इसकी नियमित समीक्षा करें। बेटियों को जब तक खोज न लिया जाय तब तक चैन से न बैठें। पुलिस महानिदेशक तथा पुलिस महानिरीक्षक इन प्रकरणों के निराकरण की नियमित समीक्षा करें। प्रदेश में जिला स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक बाल सुरक्षा समिति गठित की जायेंगी। इनके माध्यम से बेटियों की सुरक्षा के लिये समाज को जागरूक करने का प्रयास किया जायेगा।
    समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बेटियों के कल्याण और विकास के लिये चलाई जा रही लाडली लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से महिला अपराधों की रोकथाम तथा अपराधियों को पकड़वाने में सहयोग देने वालों को सम्मानित किया। उन्होंने सागर जिले की श्रीमती श्रीबाई, छिंदवाड़ा जिले के रोशन विश्वकर्मा, सतना जिले की श्रीमती मुन्नीबाई कोल, रायसेन जिले के भवानी सिंह एवं मधुसूदन दुबे तथा भोपाल जिले के आटो चालक मनोज गायकवाड़ को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने इन सभी के कार्यों की प्रशंसा की। समारोह में गृह मंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा तथा पुलिस महानिदेशक श्री विवेक जौहरी ने भी महिला सम्मान अभियान के संबंध में विचार व्यक्त किये।


    कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से रीवा संभाग के कमिश्नर राजेश कुमार जैन, पुलिस महानिरीक्षक उमेश जोगा, पुलिस उप महानिरीक्षक अनिल सिंह कुशवाह, कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती प्रतिभा पाण्डेय तथा सहायक संचालक आशीष द्विवेदी ने भाग लिया।

खबरों के अपडेट पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More

Privacy & Cookies Policy
E-Paper