किल कोरोना सर्वे टीम से अभद्रता एवं बांध कर पीटने की धमकी
पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
उमरिया – ग्राम पंचायत धनवार में किल कोरोना सर्वे के दौरान ग्राम रोजगार सहायक रीता सिंह एवम आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अमिता तिवारी के साथ बेरिहा टोला धनवार में कोल जनजाति की महिलाओं के द्वारा अभद्रता करने, धमकाने और शासकीय कार्य में बाधा डालने की घटना सामने आई है । जन जातीय महिलाएं कोरोना टीकाकरण को लेकर अफवाह की शिकार हैं और ग्रामीण अमले की कोई भी बात सुनने को तैयार नही हैं । घटना की सूचना मिलते ही पंचायत सचिव, पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को संभाला। मामले में पुलिस प्रकरण दर्ज किए जाने की अभी तक पुष्टि नही हुई है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत धनवार की ग्राम रोजगार सहायक रीता सिंह एवम आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अमिता तिवारी धनवार के बेरिहा टोला में किल कोरोना सर्वे के लिए गई थी । लेकिन कोल जनजाति की महिलाओं की उग्रता के कारण वह भयंकर रूप से डर गईं । इन महिलाओं ने उनके साथ न सिर्फ गाली-गलौज किया अपितु कहा कि उनके मोहल्ले से तुरंत भागो और दुबारा लौट कर नही आना । दुबारा आने पर बांधकर पीटने की धमकी भी दी । इन महिलाओं का कहना था कि सरकार टीका लगवाकर हमको मार डालना चाहती है ।
घटना से घबराये सर्वे दल ने पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल इसकी सूचना दी । पंचायत सचिव विनोद कुमार द्विवेदी एवं पुलिस थाना से राम दत्त चक्रवाह और मार्तण्ड पांडेय ने घटनास्थल पहुंचकर स्थिति को संभाला तथा सर्वे अमले को संबल प्रदान किया ।
कुछ देर बाद जनपद पंचायत करकेली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आर. के. मंडावी एवम तहसीलदार मैडम भी मौके पर पहुंच कर घटना का जायजा लिया । अधिकारियों ने सरपंच, पंचायत सचिव, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आदि को निर्भीक हो कर शासकीय कार्य करने को कहा गया और मोहल्लावासियों को भी समझाइश दी गई ।

Subscribe to my channel
Comments are closed.