जबलपुर न्यूज़:-कलेक्टर ने लिया हनुमानताल की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों का जायजा!

कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी ने आज रविवार को हनुमानताल पहुँचकर पिछले एक सप्ताह में तालाब के सौंदर्यीकरण के लिये किये गये कार्यों का जायजा लिया । नगर निगम आयुक्त आशीष वशिष्ठ, अपर कलेक्टर एवं अपर आयुक्त नगर निगम शेर सिंह मीणा, एसडीएम आधारताल नमः शिवाय अरजरिया भी इस दौरान उनके साथ थे ।
कलेक्टर ने इस मौके पर तालाब के चारों ओर का भ्रमण कर हनुमानताल की साफ-सफाई व्यवस्था यहां अतिक्रमणों को हटाने की गई कार्यवाही का भी निरीक्षण किया । इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी चर्चा की और तालाब को साफ-सुथरा रखने एक बार फिर निरंतर सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया ।
ज्ञात हो कि कलेक्टर डॉ इलैयाराजा द्वारा हनुमानताल की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण के लिये की गई पहल के तहत यहाँ क्षेत्रीय नागरिकों एवं धार्मिक संगठनों के सहयोग से कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया है । वहीं तालाब के सौंदर्यीकरण में बाधक बन रही हनुमान मंदिर, शिव मन्दिर के चारों ओर की लगभग 40 वर्ष पूर्व निर्मित दीवारों और सरंचनाओं को भी मन्दिर समिति की सहमति से गिरा दिया गया । इसके साथ ही तालाब के किनारे सड़क के बीच बनी मजार को भी मजार कमेटी के सहयोग से हटाया गया है ।
कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी हर सप्ताह रविवार को हनुमानताल की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं । उन्होंने इस प्राचीन और ऐतिहासिक तालाब के सौंदर्यीकरण के लिये एक-एक सप्ताह की कार्ययोजना बनाने और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये हैं।

Subscribe to my channel
Comments are closed.