शहडोल न्यूज – एड्स की जानकारी ही बचाव, स्वयं की सुरक्षा से समाज की सुरक्षा- जिला न्यायाधीश स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया !

शहडोल 1 दिसंबर 2022- म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री वीरेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शहडोल के द्वारा स्वास्थ्य विभाग तथा जिला एड्स नियंत्रण समिति के समन्वय से जिला जेल शहडोल में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एड्स के बारे में जानकारी देते हुये जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती निशा विश्वकर्मा ने कहा कि स्वयं की सुरक्षा में ही समाज की सुरक्षा है और एड्स की जानकारी ही बचाव है। श्रीमती विश्वकर्मा ने कहा कि एड्स का वायरस शरीर में प्रतिरोधक क्षमता को कम करता चला जाता है जिसके कारण अनेक बीमारियॉ शरीर को घेर लेती हैं। न्यायाधीश ने कहा कि एड्स की जांच कराने के लिये सभी जिला चिकित्सालय में एकीकृत परामर्श एवं जांच केन्द्र या आई.सी.टी.सी. है जहां पर निःशुल्क जांच होती है तथा ऐसे व्यक्ति की संपूर्ण जानकारी गोपनीय रखी जाती है।
स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से जिला एड्स नियंत्रण समिति एवं टी.आई.प्रोजेक्ट सहारा मंच के द्वारा जेल में निरूद्ध महिला एवं पुरूष बंदियों की एड्स की जांच की गयी। शिविर में बंदियों को उनसे संबंधित सामान्य शारीरिक बीमारियों की दवाईयां निःशुल्क वितरित की गयी। माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश के मार्गदर्शन में उपजेल बुढ़ार एवं ब्यौहारी में भी निरूद्ध बंदियों के लभार्थ विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिला जेल शहडोल में आयोजित हुये कार्यक्रम में जेल अधीक्षक श्री भास्कर पाण्डेय सहित स्वास्थ्य विभाग, जिला एड्स नियंत्रण समिति, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सहारा मंच एवं जिला जेल के अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।


Subscribe to my channel
Comments are closed.