भारत में सबसे तेजी से उभरता हुआ वेब न्यूज़ चैनल

महिला की मौत को लेकर कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन को किया जाम

190
Above News

हिमाचल प्रदेश (प्रकाश चन्द शर्मा)हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं थाना क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत मल्यावर के टिहरा गांव में जमीनी विवाद ने एक महिला की जान ले ली। गुरुवार दोपहर दो पक्षों के बीच चल रहे इस विवाद में रोशनी देवी पत्नी रतन चंद निवासी टिहरा की मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव से लेकर सिविल अस्पताल घुमारवीं तक तनाव का माहौल बना रहा, जिसके मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मृतका के परिजन दूसरे पक्ष की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार टिहरा गांव में दो पक्षों के बीच लंबे समय से ज़मीनी विवाद चल रहा है। गुरुवार दोपहर को एक पक्ष विवादित ज़मीन पर जेसीबी मशीन से काम करवाने के लिए पहुंचा। जेसीबी की आवाज़ सुनकर रोशनी देवी भी मौके पर पहुंच गईं। इसी दौरान जेसीबी मशीन से एक पेड़ गिर रहा था। रोशनी देवी जेसीबी और पेड़ की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हालांकि, महिला के बेटे का आरोप है कि उसकी मां को जानबूझकर जेसीबी के बकेट से गिराया गया था। घायल रोशनी देवी को परिजन तुरंत सिविल अस्पताल घुमारवीं ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर जाम
महिला की मौत की खबर फैलते ही गांव में तनाव बढ़ गया। गुस्साए परिजन दूसरे पक्ष के लोगों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। उन्होंने ऐलान किया कि जब तक आरोपियों को हिरासत में नहीं लिया जाता, तब तक वे शव को नहीं लेंगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत घटनास्थल और अस्पताल दोनों जगह भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। अपनी मांगों को लेकर मृतका के परिजनों ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर भी धरना-प्रदर्शन किया और सड़क को जाम कर दिया। पुलिस के काफी समझाने-बुझाने के बाद ही फोरलेन को खोला जा सका। डीएसपी चंद्र पाल सिंह ने घटना की पुष्टि की है और बताया कि मामले की जांच जारी है। समाचार लिखे जाने तक मृतका के परिजन अभी भी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए थे।

खबरों के अपडेट पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More

Privacy & Cookies Policy
E-Paper