दमोह देहात थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 लाख रुपए के अवैध पटाखों के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार।

सचिन सिंह राजपूत
दमोह। दीपावली पर्व से पहले थाना दमोह देहात पुलिस ने अवैध रूप से रखे गए पटाखों के भंडारण पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम इमलई में छापा मारकर बिना लाइसेंस रखे गए 60 कार्टून पटाखे और आतिशबाजी सामग्री जब्त की है, जिनकी कीमत करीब ₹5 लाख आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक एच. आर. पांडे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रचना मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने मौके से शुभम पटैल पिता दीनदयाल पटैल (36 वर्ष, निवासी हटा नाका मुक्तिधाम दमोह) और शुभम साहू पिता अशोक कुमार साहू (30 वर्ष, निवासी फुटेरा वार्ड नं. 2 दमोह) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस के दीपावली पूर्व आतिशबाजी सामग्री का भंडारण कर रहे थे।
पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कार्रवाई में निरीक्षक रचना मिश्रा सहित समस्त स्टॉफ का सराहनीय योगदान रहा।

Subscribe to my channel
Comments are closed.