यूजीसी के विरोध में अंबाह में भारत बंद का असर, सुबह से ही बाजारों में दिखा आक्रोश

अंबाह।यूजीसी से जुड़ी मांगों को लेकर सामान्य वर्ग द्वारा 1 फरवरी को दिए गए भारत बंद के आव्हान का असर अंबाह में साफ तौर पर देखने को मिला। रविवार सुबह से ही सामान्य वर्ग के लोग संगठित होकर सड़कों पर उतरे और बंद के समर्थन में बाजारों का भ्रमण किया।
बंद समर्थकों ने खुली मिली दुकानों को स्वेच्छा से बंद कराया, वहीं अधिकांश व्यापारियों ने भी स्थिति को देखते हुए अपनी दुकानों के शटर स्वयं ही गिरा दिए। कुछ ही देर में मुख्य बाजार, चौराहे और व्यावसायिक क्षेत्र सुनसान नजर आने लगे।
बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि यूजीसी के फैसलों से सामान्य वर्ग के हितों को नुकसान पहुंच रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पूर्व शनिवार को भी अंबाह में सामान्य वर्ग द्वारा आक्रोश रैली निकाली गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, छात्रों और सामाजिक संगठनों ने भाग लेकर अपना विरोध दर्ज कराया था।
प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी गई, वहीं सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस बल भी तैनात रहा। कुल मिलाकर अंबाह में भारत बंद का व्यापक असर देखने को मिला और आम जनजीवन आंशिक रूप से प्रभावित रहा।

Subscribe to my channel
Comments are closed.