अम्बाह में जलभराव बना आफ़त, घरों पर मंडरा रहा खतरा
सीएमओ शबीर कौंसार बोले—जल निकासी कर रास्ता कराया जाएगा क्लियर

आशीष सिंह तोमर मुरैना
अम्बाह। नगर के चिरपुरा रोड वार्ड क्रमांक 12 में जलभराव की गंभीर समस्या ने स्थानीय नागरिकों की परेशानी बढ़ा दी है। गुरुद्वारा मोहल्ला सहित आसपास का समस्त गंदा पानी यहां स्थित आवासीय मकानों की ओर आकर भर रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय निवासियों जण्डेल सिंह, केशव सिंह, रामवरन, अमर सिंह, प्रहलाद, गिरन्द सिंह, मनीराम, सुरेन्द्र सिंह, सियाराम, दिनेश शर्मा सहित अन्य लोगों ने बताया कि उनके मकानों के चारों ओर लगातार पानी भरा रहने से भवनों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है। परिवारों के साथ रह रहे इन नागरिकों को हर वक्त जान-माल की चिंता सताए जा रही है।
निवासियों का कहना है कि जल निकासी की कोई व्यवस्था न होने के कारण न तो वे अपने फाउंडेशन भरे प्लॉटों पर निर्माण करा पा रहे हैं और न ही नए निर्माण की शुरुआत कर पा रहे हैं। कई बार नगर पालिका व संबंधित अधिकारियों को आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
वहीं इस मामले पर जब नगर पालिका के सीएमओ शबीर कौंसार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि
“जल निकासी की समस्या को गंभीरता से लिया गया है, जल्द ही पानी निकलवाकर रास्ता क्लियर करवाया जाएगा।”
अब देखना यह होगा कि प्रशासन का यह आश्वासन कब ज़मीनी हकीकत बनता है, या फिर चिरपुरा रोड के रहवासियों को यूं ही जलभराव की मार झेलनी पड़ेगी।

Subscribe to my channel
Comments are closed.