राजधानी भोपाल में जितेन्द्र सिंह तोमर ने किया आम आदमी पार्टी कार्यालय का उद्घाटन

भोपाल: आप मध्यप्रदेश प्रभारी दिल्ली सरकार के पूर्व कानून मंत्री जितेन्द्र सिंह तोमर ने नवीन प्रदेश कार्यालय का किया उद्घाटन, राज्य स्तरीय कार्यकारिणी सम्मेलन को किया संबोधित।
आम आदमी पार्टी के जोन शहडोल के प्रभारी अनूप शर्मा ने बताया कि एक दिवसीय राज्य कार्यकारिणी सम्मेलन में प्रदेशभर से आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी शामिल हुए। सम्मेलन की अध्यक्षता आम आदमी पार्टी मध्यप्रदेश के प्रभारी जितेन्द्र सिंह तोमर ने की। इस अवसर पर दिल्ली से आए 15 प्रदेश सह-प्रभारी भी सम्मेलन में उपस्थित रहे।
सम्मेलन में आगामी 5 अप्रैल से पूरे प्रदेश में ज़ोन स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आम आदमी पार्टी ने मध्यप्रदेश को 13 ज़ोन में विभाजित किया है, जिससे संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जा सके।
राज्य कार्यकारिणी सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी जितेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश में केजरीवाल मॉडल को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करना होगा। उन्होंने नवनियुक्त सभी प्रदेश पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी के कार्यों की समीक्षा की जाएगी और तय समय सीमा के भीतर सभी को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल को मध्यप्रदेश के सभी साथियों पर पूर्ण विश्वास है कि वे प्रदेश में स्वच्छ और ईमानदार राजनीति की मजबूत नींव रखेंगे।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में वर्षों से भाजपा और कांग्रेस ने बारी-बारी से सत्ता में रहकर प्रदेश की जनता के साथ अन्याय किया है। अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और रोजगार जैसे मूलभूत अधिकारों से प्रदेश की जनता आज भी वंचित है। मध्यप्रदेश कर्ज के बोझ में डूबा हुआ है और लाखों बच्चे कुपोषण का शिकार हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में चारों ओर घोटालों का माहौल है और भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। भाजपा और कांग्रेस दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। अब समय आ गया है कि मध्यप्रदेश की जनता इन दोनों दलों से बाहर निकलकर एक नए विकल्प को मौका दे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली, पंजाब, गुजरात और गोवा के बाद अब आम आदमी पार्टी ने मध्यप्रदेश में भी पूरी ताकत झोंक दी है और पार्टी का शीर्ष नेतृत्व यह तय कर चुका है कि आगामी सभी चुनाव आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती और दमखम के साथ लड़ेगी।

Subscribe to my channel
Comments are closed.