प्रशासन एवं मीडिया के समन्वय से होता है बेहतर समाज का निर्माण- कलेक्टर
===

विकास सचदेव की ब्यूरो रिपोर्ट
नवागत कलेक्टर ने मीडिया से किया संवाद
===
स्वास्थ्य, शिक्षा एवं कृषि के साथ शासकीय योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना रहेगी प्राथमिकता
===
नवागत कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने जिले में प्रशासन की प्राथमिकताओं, विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन एवं मीडिया के समन्वित प्रयासों से बेहतर समाज का निर्माण होता है। मीडिया शासन की योजनाओं एवं जनहितकारी कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं कृषि क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जाएगा। शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे पात्र हितग्राही तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाएगा। आपने कहा कि अधोसंरचना निर्माण के कार्यों को गति देकर समय-सीमा में पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले के विकास के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। प्रशासन द्वारा जनसमस्याओं के निराकरण तथा नागरिकों को बेहतर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का समय पर लाभ दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
मीडिया प्रतिनिधियों ने नवागत कलेक्टर का स्वागत करते हुए जिले से संबंधित विभिन्न विषयों एवं जनहित के मुद्दों से अवगत कराया। कलेक्टर ने मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुना तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई एवं संबंधित विभागों से समन्वय कर निराकरण सुनिश्चित करने की बात कही। आपने बताया कि 07 अगस्त से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत हर शुक्रवार को ग्रामीण क्षेत्रों में शिविरों का आयोजन कर जन समस्याओं का निराकरण, शिकायतों का निराकरण तथा पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। शुक्रवार के दिन जिले के सभी अधिकारी भ्रमण में रहेंगे।
कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच निरंतर संवाद एवं सकारात्मक समन्वय से शासन की योजनाओं, विकास कार्यों तथा जनहितकारी गतिविधियों की जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से सहयोग की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि जिले के विकास और जनकल्याण के लिए सभी के सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel
Comments are closed.