रैम्प के अंतर्गत शहडोल में दो दिवसीय जागरूकता कार्यशाला एवं कैंप आयोजित

विकास सचदेव की ब्यूरो रिपोर्ट
उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों को शासन की योजनाओं और व्यवसाय विस्तार की दी जानकारी
जिले के उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने तथा वित्तीय जागरूकता, व्यवसाय के औपचारिकीकरण, गुणवत्ता सुधार, बौद्धिक संपदा अधिकार एवं सतत व्यवसाय संचालन के संबंध में जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रैम्प कार्यक्रम के अंतर्गत शहडोल में दो दिवसीय जागरूकता कार्यशाला एवं कैंप का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों को संबोधित करते हुए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा अपने व्यवसाय को व्यवस्थित एवं निरंतर विकसित करने का आह्वान किया। विशेष अतिथि श्री संतोष लोहानी ने भी प्रतिभागियों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
जिला व्यापारी संघ अध्यक्ष श्री लक्ष्मण गुप्ता ने अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जुड़ने का आह्वान किया। वहीं लघु उद्योग भारती, शहडोल के जिलाध्यक्ष श्री देवेन्द्र गुप्ता ने उद्यमियों से शासन की योजनाओं का लाभ लेकर जिले में उद्योग एवं व्यवसाय को बढ़ावा देने का आग्रह किया।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, शहडोल के महाप्रबंधक श्री मनीष अलावा एवं प्रबंधक श्रीमती जूही खटीक ने शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने उद्यमियों से योजनाओं का लाभ लेकर अपने व्यवसाय का विस्तार करने तथा स्वयं सहायता समूहों को औपचारिक रूप से व्यवसाय संचालित करने के लिए प्रेरित किया।
विभिन्न विषयों पर दिया गया प्रशिक्षण
कार्यशाला में प्रशिक्षकों द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम नीति, रैम्प कार्यक्रम, शून्य दोष-शून्य प्रभाव, बौद्धिक संपदा अधिकार, भौगोलिक संकेतक, स्वयं सहायता समूहों का औपचारिकीकरण, वित्तीय जागरूकता, पर्यावरण-सामाजिक-शासन तथा संसाधन दक्ष एवं स्वच्छ उत्पादन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रतिभागियों को जानकारी एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के सचिव श्री रविन्द्र गुप्ता, संरक्षक श्री सुशील सिंघल, एनआरएलएम के डीपीएम श्री अजय सिंह सहित उद्यानिकी विभाग, आदिमजाति वित्त विकास निगम, अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग, मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, तकनीकी कौशल शिक्षा विभाग, मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग, स्टार्टअप इनक्यूबेटर तथा विभिन्न स्वरोजगार विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, रैम्प टीम, ई एंड वाई टीम, ओएनडीसी टीम, सभी स्वरोजगार कक्ष के अधिकारी-कर्मचारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।
रैम्प के अंतर्गत आयोजित यह कार्यशाला एवं कैंप जिले के उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों को शासन की योजनाओं से जोड़ने, उनकी क्षमता एवं व्यवसायिक दक्षता को मजबूत करने तथा स्थानीय व्यवसायों को अधिक प्रतिस्पर्धी, गुणवत्तापूर्ण एवं सतत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही।

Subscribe to my channel
Comments are closed.