बाणसागर जलाशय का जल स्तर 340.64 मीटर पहुंचा, आज रात 8 बजे खोले जाएंगे तीन रेडियल गेट
===
विकास सचदेव की ब्यूरो रिपोर्ट
सोन नदी में छोड़ा जाएगा 304 क्यूमेक्स जल, निचले क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील
===
शहडोल 24 अगस्त 2026-बाणसागर बांध के अपस्ट्रीम क्षेत्र में जल स्तर लगातार बढ़ने के दृष्टिगत जल संसाधन विभाग द्वारा सतर्कता सूचना जारी की गई है। 24 अगस्त को दोपहर 12 बजे बाणसागर जलाशय का जल स्तर 340.64 मीटर दर्ज किया गया, जो पूर्ण जल भराव स्तर (FRL) 341.64 मीटर से मात्र 1 मीटर नीचे है। वर्तमान में बांध में जल आवक 2076 क्यूमेक्स दर्ज की गई है।
जल संसाधन विभाग, रीवा के मुख्य अभियंता श्री गंगा कछार के निर्देशानुसार बाणसागर बांध के तीन रेडियल गेट आज दिनांक 24 अगस्त को रात 8 बजे खोले जाएंगे। प्रत्येक गेट को 0.50-0.50 मीटर खोला जाकर लगभग 304 क्यूमेक्स जल स्पिलवे के माध्यम से सोन नदी में छोड़ा जाएगा।
जल संसाधन विभाग ने मैदानी अमले को अलर्ट रखते हुए अपने-अपने स्तर से आवश्यक सूचना एवं सतर्कता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बाणसागर बांध के अपस्ट्रीम में डूब क्षेत्र से लगे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से जलभराव एवं नदी के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए सावधानी बरतने तथा नदी एवं जलाशय के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है।

Subscribe to my channel
Comments are closed.