कोरोना से लड़ाई हेतु हर स्तर के लिए तैयार रखें बी टीम- कमिश्नर
इमर्जेन्सी रेस्पॉन्स हेतु तैयारियाँ रखें दुरुस्त
कमिश्नर श्री पाल ने की कोरोना तैयारियों की समीक्षा

शहडोल – कमिश्नर शहडोल संभाग नरेश पाल ने अनूपपुर जिले में कोरोना संक्रमण के नियंत्रण हेतु की जा रही कार्यवाहियों एवं तैयारियों की वृहद समीक्षा की। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि कोरोना संक्रमण के नियंत्रण में कार्यरत समस्त दलों हेतु एक रिजर्व बी टीम भी तैयार कर रखें। इस हेतु संक्रमण के नियंत्रण हेतु कार्यरत चिकित्सकीय दल, लैब टेक्निशन, आरआरटी, आइसोलेशन वार्ड, कोविड केयर सेंटर के सेवा प्रदाता, लॉजिस्टिक्स सपोर्ट, आईटी सेवा एवं अन्य सेवाओं हेतु रिजर्व दल का चिन्हांकन कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करके रखें, ताकि आपात स्थिति में उनका प्रयोग किया जा सके। कमिश्नर द्वारा वर्तमान में जिले में संक्रमण की स्थिति, टेस्टिंग की स्थिति, पॉजिटिविटी रेट, रिकवरी रेट सहित अन्य महत्वपूर्ण मानकों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। आपने निर्देश दिए कि संक्रमण की पहचान होते ही सम्बंधित व्यक्ति को आइसोलेट कर सही समय में उपचार उपलब्ध कराएँ। सभी प्राथमिक संपर्कों की जानकारी शीघ्र प्राप्त कर यथाशीघ्र संक्रमण की स्थिति की जाँच हेतु कोरोना टेस्ट कराएँ। आपने विगत दिनो जिले में व्यापक स्तर पर टेस्टिंग की सराहना की। कमिश्नर द्वारा आपात स्थितियों में जहाँ अधिक संख्या में कोरोना पॉजिटिव मरीज प्राप्त हों, तत्संबंध में तैयारियों का जायजा लिया गया। जिस पर आपको अवगत कराया गया कि जिले में कोविड केयर सेंटर में लगभग 400 लोगों को व्यवस्थित रूप से रखने की व्यवस्था है साथ ही आइसोलेशन वार्ड में 18 में ऑक्सिजन सप्लाई सुविधा एवं 3 बेड में वेंटीलेटर की सुविधा कोरोना मरीजों के उपचार हेतु रखी गयी है। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि आधारभूत संरचनाओं एवं सुविधाओं के साथ-साथ चिकित्सकीय स्टाफ एवं अन्य सेवाओं के प्रदाय हेतु मैनपॉवर की तैयारी भी रखें। इस दौरान कमिश्नर द्वारा दवाओं की उपलब्धता, पीपीई किट, टेस्टिंग किट आदि के स्टॉक की समीक्षा की गयी एवं हर समय पर्याप्त उपलब्धता रहे इस हेतु समय पर माँग अग्रेषित करते रहने के निर्देश दिए गए। आपने कहा आपूर्ति सम्बंधी समस्या आने पर तुरंत उच्चाधिकारियों को अवगत कराएँ।
फ्लू ओपीडी, आइसोलेशन वार्ड एवं आईसीयू के कार्य का कमिश्नर ने किया निरीक्षण
कोरोना संक्रमित मरीजों से नियमित रूप से जिम्मेदार अधिकारी करें संवाद
कमिश्नर द्वारा जिला चिकित्सालय में संचालित पृथक फ्लू ओपीडी, आगंतुक मरीजों के सम्बंध में की जाने वाली कार्यवाहियों का निरीक्षण किया गया। आपके द्वारा निर्देश दिए गए कि जिम्मेदार अधिकारी नियमित रूप से कोरोना संक्रमित एवं उनके परिवार जनो से सम्पर्क में रहें एवं उनका मनोबल बढ़ाते रहें। आपने कोविड केयर सेंटर एवं अन्य उपचार सुविधाओं में सकारात्मक माहौल के निर्माण हेतु आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की बात कही। कमिश्नर द्वारा पृथक फ्लू ओपीडी, आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान आपने नवीन निर्माणाधीन 10 बेड आईसीयू के कार्य का अवलोकन किया गया एवं शीघ्र ही सेवाओं को चालू करने हेतु आवश्यक सुविधाओं का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर, डिप्टी कमिश्नर राजस्व दिलीप पांडे, एसडीएम अनूपपुर कमलेश पुरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ बी॰डी॰ सोनवानी, सिविल सर्जन डॉ एस॰सी॰राय, नोडल अधिकारी कोरोना नियंत्रण डॉ आर॰पी॰ श्रीवास्तव, डॉ एस॰आर॰पी॰ द्विवेदी सहित अन्य चिकित्सकीय एवं सहायक मेडिकल स्टाफ उपस्थित थे

Subscribe to my channel
Comments are closed.