कमिश्नर ने खनिजो के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण की रोकथाम हेतु अधिकारियो को दिए निर्देश

शहडोल | कमिश्नर शहडोल संभाग श्री नरेश पाल ने संभाग के समस्त कलेक्टर्स, पुलिस अधीक्षक, वन मण्डलाधिकारी तथा खनिज अधिकारियो को निर्देशित किया है कि, वे आज मुख्यमंत्री द्वारा लिये गए वीडियो कान्फ्रेंसिग के माध्यम से बैठक में दिए गए निर्देशो का कड़ाई से पालन कराना सुनिश्चित करें। उन्होने जो निर्देश दिए है उनमें प्रमुख रूप से-
अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के रोकथाम हेतु तहसील स्तर पर प्रमुख मार्गों में जांच चैकी स्थापित किए जाने के संबंध में-
कमिश्नर ने कहा है कि, जिलों में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के रोकथाम हेतु तहसील स्तर पर प्रमुख मार्गों में जांच चैकी की स्थापना तत्काल की जावे तथा जांच चैकियों में वाहनों के निरीक्षण हेतु अधिकारी एवं कर्मचारियों की 08-08 घंटे के मान से 24 घंटे की ड्यूटी लगाई जाए, ड्यूटी में स्थानीय अधिकारियों कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जावे ताकि कार्य में असुविधा न हो,जांच चैकी स्थल में राजस्व, वन, पुलिस एवं खनिज विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संयुक्त रूप से सम्मिलित किया जाए तथा जांच चैकी स्थल पर एक पंजी संधारित की जावे जिसमें जांच स्थल से निकलने वाले प्रत्येक रेत के वाहनों की जांच कर इंट्री की जावे। जांच स्थल पर बिना ई0टी0पी0 ओवरलोड पाए जाने वाले वाहनों की सूचना तत्काल संबंधित पर्यवेक्षण अधिकारी को दी जाए तथा संबंधित पर्यवेक्षण अधिकारी अपने दल के साथ जांच चैकी स्थल की सतत निगरानी कर प्राप्त निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। जांच चैकी नाका की संख्या युक्ति युक्तिकरण कर निर्धारित की जाए तथा उक्त परीक्षण उपरांत अनावश्यक अन्य स्थानों पर परीक्षण की कार्यवाही से बचा जाए।
पोर्टल में इर्0टी0पी0 की निगरानी एवं अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम की रणनीति-
कमिश्नर ने कहा है कि खनिज अधिकारी द्वारा प्रतिदिन ई-पोर्टल के माध्यम से मानिटरिंग की जाए कि कितनी ईटीपी खदान धारियों के द्वारा जारी की जा रही है तथा ऐसे कितने खदान धारी हैं जिनके द्वारा खदान चालू होने के उपरांत भी ईटीपी नहीं काटी जा रही है उनका सूक्ष्म परीक्षण करें और अकारण पाए जाने पर उनके विरुद्ध विधि अनुसार कार्यवाही करें ताकि खनिज राजस्व में वृद्धि होकर अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाई जा सके। खनिज अधिकारी प्रति सप्ताह कलेक्टर को तुलनात्मक पत्रक प्रस्तुत करें ताकि कलेक्टर द्वारा समीक्षा की जा सके कि ठेकेदारों व पट्टेधारियों के द्वारा ई-पोर्टल से कितनी ईटीपी जनरेट की गई है तथा उससे कितना राजस्व प्राप्त हुआ है, नोडल अधिकारी संभाग स्तर पर जानकारी संग्रहित कर आयुक्त को समीक्षा हेतु प्रस्तुत करें। रेत खदान धारियों को खनन योजना के अनुसार खदान से कितनी मात्रा में खनन किया जा चुका है तथा कितना खनन किए जाने हेतु शेष है उसकी भी समीक्षा करें। जिलों में रेत का अवैध उत्खनन परिवहन न हो सके इस हेतु अपनी रणनीति तैयार कर उसका क्रियान्वयन किया जावे तथा कलेक्टरों द्वारा प्रत्येक टी0एल0 बैठक में संबंधित अधिकारियों से खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के निर्मित प्रकरणों के संबंध में जानकारी लेकर समीक्षा की जावे। जांचकर्ता अधिकारियों व मैदानी अधिकारियों को जांच के दौरान आने वाली समस्याओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त करें एवं कठिनाइयों को दूर करने के लिए समुचित उपाय किए जाएं ताकि जांचकर्ता अधिकारियों का मनोबल बना रहे। शहडोल संभाग में खनिज, कोयला एवं रेत की बहुतायत मात्रा है जिसके अवैध उत्खनन होने की कई शिकायतें प्राप्त होती रहती है। अवैध उत्खनन से राजस्व की हानि होती है तथा अवैध उत्खनन न हो इस हेतु क्षेत्रों के गहन निरीक्षण राजस्व, पुलिस, एवं खनिज विभाग के द्वारा किया जाए ताकि इस पर रोक लगाई जा सके।
कमिश्नर ने कहा है कि, मुख्यमंत्री के द्वारा आगामी माह में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उपरोक्त बिंदुओं पर समीक्षा की जाएगी। कमिश्नर ने समस्त कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, वन मंडल अधिकारी एवं खनिज अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उपरोक्त निर्देशों का कड़ाई से क्रियान्वयन करना सुनिश्चित करें ताकि संभाग में खनिज राजस्व की वसूली में वृद्धि हो सके।

Subscribe to my channel
Comments are closed.