सीईओ जिला पंचायत एवं सीएमएचओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहनगर का किया निरीक्षण

कोविड-19 वैक्सीनेशन एवं आयुष्मान कार्ड में प्रगति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
शहडोल – आज जनपद पंचायत जयसिंहनगर के भ्रमण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मेहताब सिंह तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ० एम.एस. सागर ने स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहनगर में पहुंच कर वहां कोविड-19 वैक्सीनेशन सेंटर तथा आयुष्मान कार्ड शिविर स्थल का निरीक्षण किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ० राजेश तिवारी को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक लोगों का कोविड-19 वैक्सीनेशन संक्रमण से बचाने के लिए कराया जाना सुनिश्चित करें। इसी प्रकार वैक्सीनेशन सेंटर पर ही अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड बनाना भी सुनिश्चित करें।मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि आयुष्मान कार्ड शिविर एवं कोविड वैक्सीनेशन स्थल का भरपूर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राही अपना आयुष्मान कार्ड बनाने के साथ-साथ वैक्सीनेशन भी करा सकें। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने खंड चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि वैक्सीनेशन के पश्चात व्यक्तियों का आधा घंटा अपने निगरानी में रखे तथा उन्हें अगला टीका कब लगना है, यह टीका किस लिए लगाया गया है और मास्क लगाने तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की समझाइश भी दे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने कोविड-19 वैक्सीनेशन कराने हेतु आए व्यक्तियों से उनके स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा वैक्सीनेशन के संबंध में उनसे चर्चा की। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने खंड चिकित्सा अधिकारी को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन के साथ वैक्सीनेशन एवं आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ० राजेश तिवारी एवं अन्य चिकित्सक तथा पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित था।

Subscribe to my channel
Comments are closed.