कोविड वैक्सीनेशन में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर सत प्रतिशत टीकाकरण कराएं- डॉ० सागर
राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करें अधिकारी- सीएमएचओ
शहडोल – मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ० एम.एस. सागर ने निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं में प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित किया जाए। कोरोना काल में हमारे स्वास्थ्य कार्यक्रम लॉकडाउन के कारण आंशिक रूप से प्रभावित हुए हैं, अब कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए इन योजनाओं में गति लाते हुए शत-प्रतिशत उपलब्धि अर्जित किया जाए। इस प्रकार जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाए और पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ भी दिलाया जाएं। उक्त निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ० एम.एस. सागर ने गत दिवस जिला प्रशिक्षण केंद्र आईपीपी-6 के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने राष्ट्रीय मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए मलेरिया अधिकारी को निर्देशित किया कि वर्षा काल में लारवा सर्वे एवं मलेरिया रोधी दवाई का छिड़काव निर्धारित ग्रामों में किया जाए। साथ ही मलेरिया पट्टी बनाने के कार्य में भी प्रगति सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जन जन तक यह संदेश दिया जाए कि कोई भी बुखार, मलेरिया हो सकता है, पास की स्वास्थ्य केंद्र जाकर रक्त पट्टी बनवाकर जांच अवश्य कराएं। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आरबीएसके कार्य की समीक्षा की तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहपारू एवं बुढार में कार्य प्रगति पर ना होने के कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए तथा आरबीएसके कार्यक्रम में सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ० सागर ने गर्भवती माताओं का पंजीयन, एचएमआईएस पोर्टल में दर्ज कराने में प्रगति कर सुनिश्चित करने के निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि डाटा एंट्री ऑपरेटर सही तरीके से कार्य नहीं कर रहे हैं, आवश्यक है कि वे अपने कार्य में सुधार लाएं अन्यथा उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही किया जाएगा। इसी प्रकार अनमोल पोर्टल एवं आईएचआईपी पोर्टल में सभी एंट्री 3 दिवस के अंदर करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण, राष्ट्रीय परिवार कल्याण, राष्ट्रीय टीकाकरण कार्य कार्यक्रम में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि वर्षा काल को देखते हुए वर्षा जनित बीमारियों से लोगों को बचाने के लिए जागरूक भी किया जाए। जिससे कोरोना काल में बीमारी ना फैले।
बैठक में नोडल अधिकारी आरबीएसके डॉ० पुनीत श्रीवास्तव, सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, डीपीएम श्री मनोज द्विवेदी, प्रभारी मीडिया अधिकारी श्री धीरेन्द्र श्रीवास्तव, स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रोग्राम अधिकारी, समन्वयक एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Subscribe to my channel
Comments are closed.