शहडोल न्यूज:- पंजीकृत किसानों के अतिरिक्त धान का उपार्जन अन्य लोगों से नही होना चाहिए-कलेक्टर
धान खरीदी की सभी व्यवस्थाएं केन्द्रों में सुलभ रहें !

शहडोल 24 नवम्बर 2022- कलेक्टर श्रीमती वंदना वैद्य ने आज कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में धान उपार्जन की तैयारी समीक्षा बैठक में लेकर खरीदी केन्द्रों के प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे पंजीकृत किसानों के अतिरिक्त अन्य लोगों या व्यापारियों आदि से किसी भी स्थिति में धान की खरीदी नही करें, ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधितों के विरूद्व कडी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि धान की क्वालिटी खरीदी के पूर्व परख लें तथा शासन के निर्देशानुसार ही खरीदी करें। बैठक में धान खरीदी की आवश्यक तैयारियां, सावधानियां आदि की विस्तार से जानकारी ली साथ ही धान खरीदी के बाद उसमें स्टैंसिल तथा लगाई जाने वाली स्लीप की भी जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के तुरंत बाद परिवहन व्यवस्थाएं मुकम्मल होना चाहिए जिससे अनावश्यक रूप से परिवहन का बोझ न बढे़, सोमवार से शुक्रवार तक ही खरीदी की जाएगी, शुक्रवार को आने वाले कृषक की धान शेष रहने पर उनकी तौलाई शनिवार को की जाएगी तथा शनिवार एवं रविवार को परिवहन की व्यवस्थाएं की जाएगी। बैठक में बताया गया कि धान भण्डारण हेतु जिले में पर्याप्त कैपिसिटी उपलब्ध है । बैठक में अन्य आवश्यक भी दिशा-निर्देश दिए गये।


Subscribe to my channel
Comments are closed.