12 करोड़ के गबन में इत्र कारोबारी, पिता, पत्नी और पुत्र नामजद

संवाददाता ऋषि जैन रिपोर्ट
:कन्नौज. इत्र कारोबार के लेनदेन में 12 करोड़ रुपये से ज्यादा के गबन के मामले में एक फर्म पर रिपोर्ट दर्ज हुई है। फर्म के प्रोपराइटर के अलावा उसके पिता, पत्नी, पुत्र और एक कर्मचारी को आरोपी बनाया गया है। नगरपालिका अध्यक्ष के पुत्र की ओर से कोर्ट के माध्यम से दर्ज कराई गई रिपोर्ट की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।सदर कोतवाली क्षेत्र के हाजीगंज मोहल्ला निवासी इत्र कारोबारी हरीम अहमद नगर पालिका अध्यक्ष के पुत्र हैं। उन्होंने शहर के ही अजयपाल मोहल्ला निवासी इत्र कारोबारी अंकित मिश्रा और उनकी फर्म मेसर्स सीनिकसेसिटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। साथ में उनकी पत्नी कुमोदनी मिश्रा, पिता विवेक नरायन मिश्रा के अलावा एक बेटा और एक कर्मचारी को भी नामजद किया है। हरीम अहमद के मुताबिक उनकी फर्म एचआरए एसेंशियल ऑयल फैक्टरी से अंकित मिश्रा की फर्म से कारोबार होता था। बताया कि बड़ी रकम बकाया होने पर उनकी फर्म से भुगतान करने को कहा गया। अंकित मिश्रा ने बकाया भुगतान करने का झांसा देकर 20 मई को सात करोड़ 63 लाख 33 हजार 79 रुपये का माल और मंगवा लिया। इस पर 23 मई को बिना भुगतान के अंकित को माल डिलीवर कर दिया गया। धीरे-धीरे उनके ऊपर फर्म का 12 करोड़ 47 लाख 99 हजार 97 रुपये बकाया हो गया। मांगने पर झांसा देने लगे। रुपये न देना पड़े इसके लिए उनकी फर्म को बदनाम करने के लिए बिना जीएसटी नंबर के माल दिए जाने की शिकायत की गई, लेकिन जांच में मामला गलत पाया गया। कहा कि रुपये वापस मांगने पर झूठी शिकायत कर फर्जी मुकदमा में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। सदर कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि कोर्ट के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe to my channel
Comments are closed.