भारत में सबसे तेजी से उभरता हुआ वेब न्यूज़ चैनल

संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय शहडोलमध्यप्रदेश शासनसमाचार

201
Above News

विकास सचदेवा की ब्यूरो रिपोर्ट

रिलायंस कार्यालय लालपुर में आपदा प्रबंधन क्षमता निर्माण कार्यशाला संपन्न
कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित जिला प्रशासन के अधिकारी तथा आपदा प्रबंधन दल रहे उपस्थित
शहडोल 10 मई 2025:- कलेक्टर डॉ. केदार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री राम जी श्रीवास्तव की उपस्थिति में रिलायंस इंडस्ट्रीज के लालपुर स्थित कार्यालय में आपदा प्रबंधन क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कलेक्टर ने कहा कि दुर्घटनाओं से बचने के लिए जन जागरुकता अभियान सतत रूप से चलाया जाए, किसी भी दुर्घटना के घटित होने पर प्रशिक्षित दलों को समय पर भेजकर बचाव के कार्य किए जाए, इसके साथ ही स्थानीय लोगों को भी प्रशिक्षित करे। जिले में काम करने वाले संस्थानों को संभावित दुर्घटनाओं को टालने, घटना होने पर बचाव के सभी आवश्यक उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। जिले में कार्यरत रिलायंस तथा ओरियंट पेपर मिल में सुरक्षा उपायों तथा संभावित दुर्घटनाओं तथा सूचना तंत्र की समीक्षा की।
क्षमता निर्माण कार्य शाला में जहरीली गैस से बचाव,भूकंप के समय जीवन रक्षा के उपाय, केमिकल दुर्घटनाओं से बचाव,कार्डियक अटैक से बचाव हेतु सीपीआर के उपयोग,बाढ़,सूखा तथा तूफान से बचाव के उपाय भी बताए गए।
कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक श्री राम जी श्रीवास्तव ने कहा कि सभी विभाग आपस में समन्वय बनाकर रखे तथा विभिन्न विभागों के पास उपलब्ध संसाधनों की जानकारी भी संकलित करके रखें। सोशल मीडिया में वायरल होने वाली खबरें, पोस्टें पर नजर रखें, अपवाह वाली खबरों की सतत मॉनिटरिंग करें तथा आवश्यकता होने पर उनका खंडन भी कराए। कार्यशाला में एसईसीएल के जीएम श्री कृष्णा, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक दीवान, एसडीएम, तहसीलदार, एसडीओ पी.टी.आई. पुलिस सहित प्रशिक्षित आपदा प्रबंधन दल के सदस्य उपस्थित रहे।

समा. क्र. 138 द्विवेदी

जल ही जीवन है
..
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत की गई नि:शुल्क पेयजल व्यवस्था

शहडोल 10 मई 2025- “जल ही जीवन है” कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में शहडोल जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान प्रगति पर है। जल गंगा संवर्धन अभियान अब जन अभियान बनता जा रहा है । जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जनप्रतिनिधि,व्यापारी, गणमान्य नागरिक, जन अभियान परिषद, स्वयं सेवी , समाजसेवी जल का संरक्षण करने का संदेश दे रहे है ।

जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत नगर पालिका शहडोल द्वारा लोगों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निःशुल्क पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
समा. क्र. 139 द्विवेदी

अप्रत्याशित परिस्थितियो को दृष्टिगत रख समस्त शासकीय सेवकों के अवकाश प्रतिबंधित

शहडोल 10 मई 2025/ मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा वर्तमान की अप्रत्याशित परिस्थितियों को दृष्टिगत रख समस्त शासकीय सेवकों के अवकाश प्रतिबंधित किए हैं। निर्देशित किया गया है कि लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, गृह विभाग, ऊर्जा विभाग, नगरीय विकास एवं आवास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, जल संसाधन विभाग, नर्मदा घाटी विकास विभाग, परिवहन विभाग समस्त शासकीय सेवक अपने मुख्यालय पर अनिवार्यता उपस्थित रहेंगे। विशेष परिस्थितियों में यथा स्वंय अथवा स्वंय के परिवार में विवाह, प्रसूति एवं संतान पालन, गंभीर बीमारी, दुर्घटना, स्वंय के परिवार में घटित अप्रत्याशित घटना आदि के संबंध में जिला स्तर पर कलेक्टर एवं राज्य स्तर पर विभाग के भारसाधक सचिव द्वारा अवकाश स्वीकृत/अनुमति प्रदान की जा सकेगी। उपरोक्त विभागों के अतिरिक्त अन्य विभागों के शासकीय सेवकों के अवकाश आवेदनों पर अतिआवश्यक होने पर ही स्वीकृति सक्षम स्तर से प्रदान की जा सकेंगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने समस्त शासकीय विभागों को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
समा. क्र. 140 द्विवेदी
अधिकारी अलर्ट मोड पर रहें, नागरिक सेवाओं को करें सुनिश्चित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
विभागों के कार्य भी समानांतर रूप से जारी रहें
जिलों को दी गई भारत सरकार के निर्देशों की जानकारी
शहडोल 10 मई 2025:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय परिस्थितियों और वर्तमान परिदृश्य के दृष्टिगत शुक्रवार शाम एक उच्च स्तरीय बैठक कर वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा प्रबंधों पर गहन चर्चा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जिलों के कलेक्टर्स और पुलिस अधीक्षकों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए। शुक्रवार प्रात: भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में चर्चा कर निर्देश दिए थे। प्रदेश के मैदानी अधिकारियों के साथ शाम को हुई बैठक में विभिन्न प्राथमिकताओं पर चर्चा की। बैठक में भारत सरकार से प्राप्त विस्तृत दिशा-निर्देशों की जानकारी से जिलों को अवगत करवाया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी अधिकारी अलर्ट मोड पर रहें। अधिकारी मैदान में दिखें। जनप्रतिनिधियों को भी विश्वास में लिया जाए और आवश्यक जनसहयोग प्राप्त किया जाए। आवश्यक सेवाओं को बनाए रखने में भी वॉलिंटियर्स का आवश्यक सहयोग प्राप्त किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में रिटायर्ड फौजियों सहित सामाजिक कार्यों से जुड़े वॉलिंटियर्स की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। अपराधियों के साथ किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाए। घटना घटित होने के पूर्व आवश्यक सावधानी बरती जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि नागरिकों के लिए आवश्यक सेवाएं भी समानांतर रूप से प्रदान करने का कार्य होता रहे।

समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में हुई बैठक में जानकारी दी गई कि राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष के अलावा जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष कार्य करेंगे। सभी नियंत्रण कक्ष वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप संचालित होंगे। फायर ब्रिगेड सेवाएं, स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली की सप्लाई, पेयजल व्यवस्था नियमित रूप से बनी रहे, यह सुनिश्चित किया जाएगा।

सभी जिलों में की जाएगी मॉक ड्रिल, भ्रामक कंटेंट पर होगी सख्त कार्रवाई

बैठक में निर्देशित किया गया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक कंटेंट भेजने वालों के विरुद्ध कार्रवाई होगी। वरिष्ठ अधिकारी अवकाश पर नहीं जाएंगे। सभी जिलों में इमरजेंसी सेवाएं सुनिश्चित करते हुए सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा के संबंध में भारत सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन का कार्य होगा।

बैठक में जानकारी दी गई कि आवश्यक सायरन की व्यवस्था भी जिलों में रहेगी। निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप नागरिकों को सुरक्षा के लिए सजग किया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार वॉलिंटियर्स एवं नागरिकों को प्रशिक्षित करने का कार्य भी किया जाएगा। जिलों में मॉक ड्रिल भी समय-समय पर होगी और रात्रि गश्त पुलिस की ओर से निरंतर होगी।

बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना, मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, अपर मुख्य सचिव गृह श्री जे.एन. कंसोटिया, अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवास श्री संजय कुमार शुक्ल, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग श्री संजय दुबे, होमगार्ड महानिदेशक श्री अरविंद कुमार, एडीजी इंटेलीजेंस श्री ए. साई मनोहर तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

समा. क्र. 141 द्विवेदी

वर्तमान की अप्रत्याशित परिस्थितियों के परिपेक्ष्य में एवं आपदा प्रबंधन के दृष्टिगत आपात चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध रखने के निर्देश जारी

शहडोल 10 मई 2025- कलेक्टर डॉ केदार सिंह ने वर्तमान की अप्रत्याशित परिस्थितियों के परिपेक्ष्य में आपदा प्रबंधन के दृष्टिगत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन को पत्र जारी कर निर्देशित किया है कि समस्त अस्पतालों में पर्याप्त मात्र में सभी प्रकार की आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयां व उपकरण उपलब्ध रखे जायें। डॉक्टर मय स्टाफ उपस्थित रहें तथा ब्लड बैंक में सभी ग्रुपों के रक्त की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध रखी जाये। इसके साथ-साथ शहडोल जिले के बुढ़ार एवं ब्यौहारी मुख्यालय स्तर पर आपात चिकित्सा केन्द्र की स्थापना कर समस्त आवश्यक व्यवस्था उपलब्ध रखी जाये। जिले में उपलब्ध एम्बुलेंस के अतिरिक्त प्रायवेट चिकित्सालयों में संलग्न एम्बुलेंस की सूची तैयार रखें एवं आवश्यकता पड़ने पर सेवाएं ली जाये। प्रायवेट चिकित्सालयों में कार्यरत चिकित्सकों से भी समन्वय स्थापित कर आवश्यक होने पर सेवाएं ली जा सकती हैं।ब्लैक आउट की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सभी मुख्यालय स्तर के अस्पतालों में जनरेटर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये।
समा. क्र. 142 द्विवेदी

आपदा प्रबन्धन के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश जारी

शहडोल 10 मई 2025- गृह विभाग मध्यप्रदेश शासन ने आपदा प्रबंधन के दृष्टिगत रखते हुए निर्देश जारी किया है कि आपदा प्रबन्धन के दृष्टिगत समस्त अस्पतालों में सभी प्रकार की आवश्यक जीवन रक्षक दवाईयां, उपकरण उपलब्ध रहें। डाक्टर मय स्टाफ उपस्थित रहे तथा ब्लड बैंक में सभी ग्रुपों के रक्त की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध रहे। इसके साथ-साथ विभिन्न अस्पतालों व स्कूलों के मध्य टेम्प्रेररी रहने की व्यवस्था की जा सकती है। वहां जनरेटरों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएं। सोशल मीडिया पर पूर्ण निगरानी रखे तथा देश के विरूद्ध भड़काउ पोस्ट अथवा सामग्री पर तुरंत कानूनी कार्यवाही करें, जिससे कि प्रदेश में माहौल खराब न हो। इस हेतु भारत सरकार द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन सुनिश्चित करें कि आपात स्थिति में जिलों में पर्याप्त खादय सामग्री, पेट्रोल-डीजल, घरेलू गैस इत्यादि उपलब्ध रहें। लोग खादय सामग्री एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं का अनावश्यक भण्डारण नहीं करें। लोक स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि आपात स्थिति में पेयजल की पूर्ण व्यवस्था उपलब्ध रहे। जिलों के अति संवेदनशील स्थलों की सूची को अद्यतन करें। जिसमें अस्पताल, पावर प्लांट, तेल एवं गैस के डिपो, धार्मिक स्थल, भारत सरकार के संस्थान की जानकारी अद्यतन कर रखी जाए। जिलों में ग्राम एवं पंचायत स्तर पर नागरिक सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी जावे जिससे लोगों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना बनी रहे। अग्निशमन सेवाओं को सक्रिय रखा जाए। इस हेतु उपकरणों की जांच इत्यादि कर ली जाए। संचार सेवाओं को सुचारू बनाया जाए। इस हेतु दूरसंचार कंपनियों के साथ समन्वय करें। पब्लिक एड्रेस सिस्टम को पर्याप्त संख्या में चालू स्थिति में रखा जाए। आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल एवं चेतावनी के परिप्रेक्ष्य में शहरों में सायरन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस हेतु स्थानीय प्रशासन, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन आवश्यक समन्वय कर व्यवस्था सुनिश्चित करें। आपदा की स्थिति में गैर सरकारी संगठनों, राष्ट्रीय सेवा योजना और एन०सी०सी० और सिविल स्वयं सेवकों की भागीदारी सुनिश्चित की जावे ताकि राहत एवं बचाव कार्य में प्रभावी सहयोग मिल सकें। उद्योगों में उत्पादन सुचारू रूप से जारी रखा जाए। उद्योगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। लोक निर्माण विभाग सडकें, पुलों की देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित करें। उर्जा विभाग विद्युत प्रदाय की निरंतर आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
समा. क्र. 143 द्विवेदी

संभागीय मुख्यालय में 15 स्थानों पर 15 खेल विधाओं का दिया जाएगा प्रशिक्षण

प्रशिक्षण हेतु खेल मैदान एवं प्रशिक्षक चयनित

शहडोल 10 मई 2025- खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संभागीय मुख्यालय शहडोल में आगामी 12 मई से 15 खेल विधाओं का प्रशिक्षण 15 खेल मैदानों में दिया जाएगा। जिसके लिए खेल मैदानों एवं खेल प्रशिक्षकों का चयन कर लिया गया है। महात्मा गांधी स्टेडियम शहडोल में एथलेटिक्स का प्रशिक्षण प्रशिक्षक श्री धीरेन्द्र प्रताप सिंहं, हैंडवाल का प्रशिक्षण सुश्री श्रीदेवी सोनी, वालीवाल का प्रशिक्षण श्री रतन सिंह ठाकुर, बास्केट बाल का प्रशिक्षण श्री केके श्रीवास्तव, कबडडी का प्रशिक्षण श्रीमती कल्पना अहिरवार, बैडमिन्टन का प्रशिक्षण प्रशिक्षक सतेन्द्र सोनी द्वारा, टेबिल टेनिस का प्रशिक्षण प्रशिक्षक पीपी सिंह द्वारा दिया जाएगा। सेपकटेकरा का प्रशिक्षण शान्ति मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल शहडोल में प्रशिक्षक रामकिशोर चौरसिया द्वारा, खो-खो का प्रशिक्षण रेलवे स्कूल खेल मैदान में प्रशिक्षक रहीम खान, कराटे का प्रशिक्षण रघुराज स्कूल क्रमांक 01 में प्रशिक्षक अजय चौधरी, विराट मार्सल आर्ट एकेडमी में जूडो का प्रशिक्षण विराट मार्सल आर्ट एकेडमी में शिवानी नामदेव तथा लाठी का प्रशिक्षण प्रशिक्षक प्रमोद विश्वकर्मा फुटबाल का प्रशिक्षण विचारपुर फुटबाल खेल मैदान में प्रशिक्षक श्री नरेश कुण्डे द्वारा दिया जाएगा। ज्ञानोदय अशासकीय स्कूल मैदान में बाक्सिंग का प्रशिक्षण प्रशिक्षक अंसुमन सिंह तथा ताईक्वाडो का प्रशिक्षण आकाश पुरी गोस्वामी द्वारा दिया जाएगा।
समा. क्र. 144 द्विवेदी

ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन जनपद मुख्यालयों में भी किया जाएगा

शहडोल 10 मई 2025- खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा शिक्षा एवं जनजातीय विभाग के संयुक्त तत्वाधान में 30 दिवसीय खेल प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन जनपद मुख्यालयों में भी किया जाएगा। जनपद मुख्यालय बुएार में खो-खो एवं फुटवाल बा प्रशिक्षण कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम में प्रशिक्षक मो इमरान खान द्वारा, बाली बाल तथा फुटबाल का प्रशिक्षण एमजी ग्राउन्ड साबो में प्रशिक्षक संदीप कुमार मिश्रा द्वारा, गोहपारू जनपद पंचायत में बालीबाल एवं फुटबाल का प्रशिक्षण शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल खन्नौदी में प्रशिक्षक गणेश सिंह द्वारा तथा फुटबाल का प्रशिक्षण शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल धनगवां खेल मैदान में राजू बैगा द्वारा, जयसिंहनगर जनपद पंचायत में बालीबाल एंव फुटबाल का प्रशिक्षण शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल जयसिंहनगर में प्रशिक्षक दुर्गा जायसवाल द्वारा, कराटे तथा एथलेटिक्स का प्रशिक्षण शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल मसीरा खेल मैदान में प्रशिक्षक विष्णुप्रसाद सिंह द्वारा तथा ब्यौहारी जनपद मुख्यालय में खो-खो का प्रशिक्षण ब्यौहारी स्टेडियम में श्रशांत माली द्वारा तथा कबडडी का प्रशिक्षण बैदरा में प्रशिक्षक आयुष सिंह द्वारा दिया जाएगा।
समा. क्र. 145 द्विवेदी

खबरों के अपडेट पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More

Privacy & Cookies Policy
E-Paper