तिदनी ग्राम पंचायत में अव्यवस्था से ग्रामीण आक्रोशित, सरपंच पर लापरवाही के आरोप।

दमोह/जनपद पंचायत पटेरा की ग्राम पंचायत तिदनी में लंबे समय से पंचायत कार्यालय नियमित रूप से नहीं खुलने पर ग्रामीणों में गहरी नाराज़गी है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत बंद रहने से उनके दैनिक कार्य लंबित पड़े हैं और उन्हें बार-बार सरपंच के घर जाकर जानकारी लेनी पड़ती है।
ग्रामीणों ने सरपंच पर आरोप लगाया कि सामुदायिक शौचालय योजना का दुरुपयोग कर, उन्होंने सार्वजनिक शौचालय की बजाय अपने घर में निर्माण करा लिया। इससे आम लोगों को स्वच्छता से जुड़ी मूलभूत सुविधा नहीं मिल पा रही है।
स्कूली बच्चों और महिलाओं की परेशानियाँ भी कम नहीं हैं। प्राथमिक शाला जाने वाले बच्चों को कीचड़ भरे रास्तों से होकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। मुख्य मार्ग बड़े-बड़े गड्ढों और गीली मिट्टी से भरा है, जिससे दोपहिया वाहन चलाना मुश्किल हो गया है और महिलाएँ आए दिन फिसलकर गिर रही हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्थिति की जानकारी कई बार जनपद सीईओ और उच्च अधिकारियों को देने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ। उनका कहना है कि यह लापरवाही पंचायत राज अधिनियम 1993 के प्रावधानों का उल्लंघन है और सरपंच के एकाधिकार के कारण वे लगातार परेशान हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्याओं के समाधान और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

Subscribe to my channel
Comments are closed.