भारत में सबसे तेजी से उभरता हुआ वेब न्यूज़ चैनल

सामूहिक कन्या विवाह सामाजिक समरसता और सद्भाव का प्रतीक- विधायक

76
Above News

विकास सचदेव की ब्यूरो रिपोर्ट



वैदिक रीति-रिवाज के साथ 198 जोड़ों ने लिए सात फेरे, बंधे परिणय सूत्र में

– जनपद पंचायत ब्यौहारी के ग्राम पंचायत रसपुर में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम उत्साह, उमंग और हर्षाेल्लास के साथ आयोजित किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 198 जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाज एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया और परिणय सूत्र में बंधे।

आयोजन स्थल पर पारंपरिक संस्कृति और सामाजिक एकता की सुंदर झलक देखने को मिली।

उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवदंपतियों को माला पहनाकर, स्मृति चिन्ह भेंट कर एवं पुष्पवर्षा कर उनके सुख, समृद्धि और मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री शरद कोल ने कहा कि सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता और सद्भाव का प्रतीक है। इस प्रकार के आयोजन समाज में समानता, सादगी और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा, “अक्षय तृतीया का पावन अवसर अत्यंत शुभ होता है और इस दिन किए गए प्रत्येक शुभ कार्य का फल अक्षय होता है।

यह आयोजन सभी नवविवाहित जोड़ों के लिए मंगलकारी सिद्ध होगा।” उन्होंने विवाह संस्कार को भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए कहा कि सामूहिक विवाह से अनावश्यक खर्चों में कमी आती है और सभी को अपनी खुशियां साझा करने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष जनपद पंचायत श्रीमती आकांक्षी सिंह ने कहा कि सामूहिक कन्या विवाह समारोह का उद्देश्य समाज में सादगीपूर्ण एवं आदर्श विवाह को बढ़ावा देना तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से एक ही मंच पर अनेक जोड़ों का विवाह विधिवत संपन्न कराया जाता है, जिससे सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है।

सामूहिक विवाह कार्यक्रम के माध्यम से जहां एक ओर विवाह में होने वाले अनावश्यक खर्च को कम किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का भी सशक्त संदेश दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान नवदंपतियों को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के प्रतीक स्वरूप चेक एवं गृहस्थ जीवन की आवश्यक सामग्री प्रदान की गई, जिससे वे अपने नए जीवन की शुरुआत सुगमता से कर सकें।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

खबरों के अपडेट पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More

Privacy & Cookies Policy
E-Paper