1 साल बाद पिकअप से पहुंचीं सीमेंट की कुर्सियां, खुलासों के आगे झुके अफसर पर विधायक शरद कोल का मौन क्यों…?

1.08 करोड़ के बेंच कांड में नई हलचल मीडिया की मार से घबराए तंत्र ने आनन-फानन में शुरू की ‘डैमेज कंट्रोल’ सप्लाई, कागजी दावों की खुली पोल
पत्रकार अखिलेश कुमार शर्मा मो नंबर 7999140850
शहडोल। विधायक निधि के 1 करोड़ 8 लाख 81 हजार 585 रुपये की लागत से 855 सीमेंट बेंचों की कथित खरीदी और स्थापना को लेकर उठे बवाल में अब एक बड़ा नया मोड़ सामने आया है। लगातार प्रकाशित हो रही खबरों, आरटीआई दस्तावेजों के खुलासों और बढ़ते जनदबाव के आगे आखिरकार सिस्टम की नींद टूटती दिख रही है। खबर है कि खबरों की धार से घबराए संबंधित महकमों ने करीब एक साल बाद पिकअप वाहनों के जरिए जयसिंहनगर स्वास्थ्य विभाग परिसर, थाना परिसर, जनपद पंचायत परिसर और ग्राम पंचायत बांसा समेत कुछ स्थलों पर सीमेंट की कुर्सियां/बेंचें पहुंचाई हैं।एक साल तक जिन जगहों पर बेंचें केवल फाइलों और कागजों में ‘स्थापित’ दिखाई जा रही थीं, वहां अब खबरों के दबाव में आनन-फानन में सामान उतारने की कवायद इस बात का सबसे बड़ा सबूत है कि अब तक जमीनी हकीकत क्या थी। सवाल यह है कि जब एक साल बाद अब वाहन दौड़ाए जा रहे हैं, तो पहले ही भुगतान और कार्य पूर्णता के प्रमाण-पत्र किस आधार पर जारी कर दिए गए।
‘डैमेज कंट्रोल’ की कवायद या लीपापोती?
जयसिंहनगर स्वास्थ्य केंद्र, थाना, जनपद और ग्राम पंचायत बांसा जैसे प्रमुख स्थानों पर बेंचों का पहुंचना भले ही सिस्टम की घबराहट दिखाता हो, लेकिन यह पूरा मामला अभी भी कई गंभीर सवालों के घेरे में है। जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी के कार्यालय से जारी दस्तावेजों और सूचियों में दर्ज अन्य दर्जनों स्थानों पर आखिर कब तक सीमेंट बेंचें पहुंचेंगी, यह सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है। बिना जियो-टैग फोटो और ठोस भौतिक सत्यापन के राशि आहरण किए जाने के आरोपों के बीच, क्या केवल कुछ चुनिंदा जगहों पर बेंचें रखकर पूरे 1.08 करोड़ के प्रकरण पर पर्दा डालने की कोशिश हो रही है।
विधायक शरद कोल की चुप्पी पर तीखे सवाल
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे चुभने वाला पहलू ब्यौहारी विधायक शरद जुगलाल कोल का रुख है। अपनी ही विधायक निधि की करोड़ों रुपये की राशि से जुड़े इस गंभीर विवाद और एक साल बाद सामने आ रही आपूर्ति की हकीकत के बावजूद विधायक ने अब तक कथित रूप से लापरवाही या गड़बड़ी में शामिल अधिकारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई या सख्त कदम नहीं उठाया है।क्षेत्र की जनता के बीच यह चर्चा तेज है कि आखिर वे कौन-सी वजहें हैं जिनके चलते जनप्रतिनिधि का मौन बरकरार है? क्या विधायक निधि के दुरुपयोग और कार्य में देरी को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों जिनमें जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी डीके अहिरवार और एमपी एग्रो से जुड़े संबंधित जिम्मेदार शामिल हैं से जवाबदेही तय की जाएगी, या फिर मामला फाइलों में ही उलझा रहेगा।

कलेक्टर पार्थ जायसवाल से सख्त पड़ताल की आस
तत्कालीन कलेक्टर केदार सिंह के समय तय किए गए नियमों दो माह की समय-सीमा, पूर्व और पश्चात के फोटोग्राफ, सूचना पटल और स्थलवार सत्यापन की अनदेखी के आरोपों के बीच अब निगाहें वर्तमान कलेक्टर पार्थ जायसवाल पर टिकी हैं।
यदि पूरे 855 बेंचों की वास्तविक संख्या, दरों, खरीद प्रक्रिया, आपूर्ति की तारीखों और सूची में दर्ज हर एक स्थान का स्वतंत्र व निष्पक्ष भौतिक सत्यापन कराया जाए, तभी सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल, खबरों के दबाव में पिकअप से बेंचें उतरने के बाद यह साफ हो गया है कि बेबाक पड़ताल और खुलासों ने सिस्टम को बैकफुट पर ला खड़ा किया हैऔर यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।
शेष अगले अंक में…….

Subscribe to my channel
Comments are closed.