❄️ शीतलहर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी, बुजुर्गों और बच्चों का रखें विशेष ध्यान

Vikas Sachdev division reporter 🖋️
सीएमएचओ डॉ. राजेश मिश्रा ने की अपील, ठंड से बचाव के लिए सावधानियां बरतें; हाइपोथर्मिया के लक्षण दिखने पर तत्काल लें चिकित्सकीय सहायता
📰 शहडोल | जिले में सर्दी के मौसम और आगामी दिनों में शीतलहर की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा ने नागरिकों से ठंड के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने बुजुर्गों, छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि दिसंबर और जनवरी माह में सामान्यतः शीतलहर का प्रभाव अधिक रहता है। अत्यधिक ठंड के कारण शरीर का तापमान सामान्य से कम हो सकता है, जिसे हाइपोथर्मिया कहा जाता है। समय पर उपचार नहीं मिलने पर यह स्थिति जानलेवा भी हो सकती है।
🧥 ठंड से बचाव के लिए अपनाएं ये सावधानियां
स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि नागरिक पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें। एक मोटे कपड़े के बजाय कई परतों में गर्म कपड़े पहनना अधिक प्रभावी है। सिर, गर्दन, कान, हाथ और पैरों को अच्छी तरह ढककर रखें। टोपी, मफलर, दस्ताने एवं गर्म जूतों का उपयोग करें।
संतुलित एवं पौष्टिक आहार लें। विटामिन-C युक्त फल और सब्जियों का सेवन करें। गर्म पेय पदार्थ एवं पर्याप्त पानी पीते रहें। गीले कपड़ों को तुरंत बदलें और शरीर को सूखा रखें। ठंडी हवाओं के संपर्क में आने तथा अनावश्यक यात्रा से बचें।
⚠️ ठंड से बचने के लिए मदिरा का सेवन न करें और बंद कमरे में अंगीठी या कोयला जलाकर न सोएं।
🚑 हाइपोथर्मिया के लक्षण पहचानें
अत्यधिक कंपकंपी, थकान, बोलने में कठिनाई, भ्रम की स्थिति, अत्यधिक नींद आना, मांसपेशियों में अकड़न, सांस की गति धीमी होना एवं बेहोशी हाइपोथर्मिया के प्रमुख लक्षण हैं।
ऐसी स्थिति में प्रभावित व्यक्ति को तत्काल गर्म एवं सुरक्षित स्थान पर ले जाएं। गीले कपड़े हटाकर सूखे गर्म कपड़े और कंबल से शरीर ढकें। व्यक्ति पूरी तरह होश में हो तभी गर्म पेय दें। बेहोश व्यक्ति को कुछ भी खाने-पीने के लिए न दें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य संस्था पहुंचाएं।
❄️ शीतदंश के लक्षणों को न करें नजरअंदाज
अत्यधिक ठंड के संपर्क में रहने से हाथ-पैर की उंगलियों, नाक एवं कानों में सुन्नता, त्वचा का सफेद या पीला पड़ना, त्वचा का सख्त होना अथवा छाले पड़ना शीतदंश के लक्षण हो सकते हैं। प्रभावित हिस्से को रगड़ने या सीधे आग एवं हीटर से गर्म करने से बचें तथा चिकित्सकीय सहायता लें।
🏥 स्वास्थ्य संस्थाओं को आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश
सीएमएचओ डॉ. राजेश मिश्रा ने जिले के समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं को शीतलहर से प्रभावित लोगों के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सकीय संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को भी लोगों को शीतलहर के लक्षण, बचाव एवं प्राथमिक उपचार के प्रति जागरूक करने को कहा गया है।
इसके अलावा जिला प्रशासन के समन्वय से संवेदनशील एवं निराश्रित व्यक्तियों के लिए रैन बसेरों में गर्म कपड़े, कंबल, ताप व्यवस्था एवं आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
डॉ. राजेश मिश्रा ने आमजन से अपील की है कि शीतलहर के दौरान स्वयं के साथ अपने परिवार और आसपास रहने वाले जरूरतमंद लोगों, विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।
मौसम संबंधी जानकारी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की वेबसाइट mausam.imd.gov.in से प्राप्त की जा सकती है।
📰 बेबाक शक्ति NEWS – शहडोल
✍️ रिपोर्टर – विकास सचदेव
📢 खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें।
#शहडोल #Shahdol #ColdWave #शीतलहर #HealthAdvisory #स्वास्थ्यविभाग #DrRajeshMishra #BebakShaktiNews

Subscribe to my channel
Comments are closed.