भारत में सबसे तेजी से उभरता हुआ वेब न्यूज़ चैनल

जांच में जिम्मेदार उपयंत्री को सेवानिवृत्ति के बाद फिर मिली नगर पालिका में नियुक्ति! अंबाह में उठे सवाल

26
Above News

आशीष सिंह तोमर


जयेश्वर रोड के अमानक निर्माण में तकनीकी लापरवाही के लिए जांच समिति ने माना था जिम्मेदार, अब संविदा नियुक्ति के नियमों और शासन की अनुमति पर उठ रहे सवाल; संयुक्त संचालक से पक्ष जानने का प्रयास, कॉल रिसीव नहीं हुआ

अंबाह। नगर पालिका परिषद अंबाह में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस उपयंत्री को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की जांच समिति ने सड़क निर्माण में तकनीकी लापरवाही और निर्धारित मानकों के विपरीत कार्य के लिए प्रथमदृष्टया जिम्मेदार माना था, उसी उपयंत्री को सेवानिवृत्ति के बाद नगर पालिका अंबाह में संविदा नियुक्ति दिए जाने का मामला चर्चा में है।

मामला वार्ड क्रमांक 01 से 05 तक कंक्रीट गलियों में कराए गए डामरीकरण कार्यों से जुड़ा है। भोपाल/नर्मदापुरम संभाग की चार सदस्यीय जांच समिति ने 7 अगस्त 2026 को अंबाह पहुंचकर सड़कों का निरीक्षण किया था। इसके बाद 23 सितंबर 2026 को जारी संशोधित जांच प्रतिवेदन में जयेश्वर रोड पर बिटुमिनस मैकाडम में बिटुमेन की मात्रा निर्धारित मानक से कम पाई गई।

जांच में जयेश्वर रोड पर बिटुमेन की मात्रा 2.81 प्रतिशत मिली, जबकि निर्धारित मानक 3.3 से 3.5 प्रतिशत है। समिति ने इस अमानक कार्य के लिए नगर पालिका के उपयंत्री कुंतल कुमार दीक्षित को प्रथमदृष्टया जिम्मेदार माना था। इसके अलावा मिक्स्ड सील सरफेसिंग की सतह असमतल मिलने और कुछ स्थानों पर पानी ठहरने की स्थिति के लिए भी उपयंत्री की तकनीकी निगरानी में कमी बताई गई थी।

अमानक सड़क हटाकर दोबारा बनाने के निर्देश

जांच समिति ने जयेश्वर रोड के लगभग 150 मीटर तक किए गए अमानक बिटुमिनस मैकाडम कार्य को हटाकर निर्धारित मानकों के अनुसार दोबारा कराने के निर्देश दिए थे। साथ ही सड़क की असमतल सतह को सुधारने और जल निकासी सुनिश्चित करने के लिए भी नगर पालिका को निर्देशित किया गया था।

सेवानिवृत्ति के बाद संविदा नियुक्ति, किस नियम के तहत?

अब इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जांच में तकनीकी लापरवाही के लिए जिम्मेदार ठहराए गए उपयंत्री कुंतल कुमार दीक्षित को सेवानिवृत्ति के बाद नगर पालिका अंबाह में संविदा नियुक्ति किस आधार पर दी गई? क्या नियुक्ति से पहले निर्धारित नियमों का पालन किया गया? क्या राज्य शासन की आवश्यक पूर्व अनुमति ली गई? क्या नियुक्ति के समय संबंधित जांच प्रतिवेदन को ध्यान में रखा गया?

मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 94(9) तथा मध्यप्रदेश नगर पालिका संविदा सेवा नियम, 2021 के प्रावधानों के तहत संविदा नियुक्ति की वैधानिक प्रक्रिया का पालन किया जाना आवश्यक है। ऐसे में नियुक्ति आदेश, शासन की अनुमति और चयन प्रक्रिया का सार्वजनिक होना जरूरी है, ताकि नियुक्ति की वैधता स्पष्ट हो सके।



संयुक्त संचालक से पक्ष जानने का प्रयास, कॉल रिसीव नहीं हुआ

इस पूरे मामले में संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, ग्वालियर अमर सत्य गुप्ता से उनका पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

अब सवाल यह है कि क्या नगर पालिका प्रशासन संविदा नियुक्ति से संबंधित आदेश और शासन की अनुमति सार्वजनिक करेगा? क्या नगरीय प्रशासन विभाग इस नियुक्ति की नियमों के अनुरूप जांच कराएगा? और क्या जांच में जिम्मेदारी तय होने के बाद दोबारा नियुक्ति देने के आधार को लेकर विभाग स्थिति स्पष्ट करेगा?

अंबाह की जनता इन सवालों के जवाब चाहती है।

खबरों के अपडेट पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More

Privacy & Cookies Policy
E-Paper