इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड तक बनेगी मॉडल रोड, अध्यक्ष और सीएमओ ने किया स्थल निरीक्षण
====

विक्रम लालवानी जिला रिपोर्टर
– नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड तक प्रस्तावित मॉडल रोड निर्माण कार्य के शीघ्र क्रियान्वयन एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम जायसवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री निशांत सिंह ठाकुर ने स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मार्ग के दोनों ओर स्थित व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से चर्चा कर निर्माण कार्य में सहयोग की अपील की। व्यापारियों एवं नागरिकों ने भी नगर के विकास कार्यों में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
उल्लेखनीय है कि यह मॉडल रोड सीएम मॉनिट (CM MONIT) ए-प्लस नगरीय अधोसंरचना कार्ययोजना के अंतर्गत विकसित की जाएगी। परियोजना में सड़क निर्माण, रोड डिवाइडर, विद्युत पोल शिफ्टिंग, सेंट्रल लाइट स्थापना, फुटपाथ निर्माण सहित अन्य आवश्यक अधोसंरचनात्मक कार्य शामिल हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम जायसवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री निशांत सिंह ठाकुर ने कहा कि मॉडल रोड परियोजना शहडोल शहर के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके निर्माण से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा शहर का स्वरूप अधिक आधुनिक और आकर्षक बनेगा।
निरीक्षण के दौरान उपयंत्री श्री पुनीत त्रिपाठी, उपयंत्री श्री शरद द्विवेदी, मोतीलाल सिंह, स्वच्छता निरीक्षक अनिल महोबिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel
Comments are closed.