प्रॉपर्टी डीलर की कोरोना से मौत,सतना के कारोबारी ने जबलपुर में तोड़ा दम

सतना । कोरोना वायरस कोविड 19 से सतना जिले के पांचवे मरीज की भी मौत हो गई है। सतना के प्रॉपर्टी डीलर ने जबलपुर के मेडिकल हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। हालांकि सतना का स्वास्थ्य विभाग इस मौत को अभी कोरोना से हुई मौत मानने को तैयार नही है लेकिन जबलपुर में प्रॉपर्टी डीलर का शव रोक लिया गया है।
भरहुत नगर की शिव कॉलोनी में है घर
शहर की पॉश कॉलोनी भरहुत नगर से लगी शिव कॉलोनी में रहने वाले पयासी परिवार के 60 वर्षीय सदस्य कॉलोनाइजर और प्रॉपर्टी डीलर थे। तीन दिन पहले उनकी तबियत बिगड़ी थी तो बेटा उन्हें लेकर जबलपुर चला गया। सतना में हुए इलाज और जांच के दौरान यह संदेह हुआ था कि उनकी प्लेट्लेट्स घट गई हैं। जबलपुर में भी उनका प्लेटलेट्स का ही इलाज चलने लगा ,इस बीच 18 जुलाई को उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। रविवार 19 जुलाई की रात लगभग 11 बजे प्रॉपर्टी डीलर की मौत हो गई। मेडिकल कालेज में कोरोना से मौत के कारण अस्पताल प्रशासन ने शव परिजनों को सौंपने से इंकार कर दिया है। माना जा रहा है कि उनका अंतिम संस्कार covid 19 प्रोटोकॉल के तहत जबलपुर में ही कराया जाएगा।
कॉलोनी में दहशत , बेटे भी क्वारन्टीन
कोरोना से प्रोपर्टी डीलर की मौत के बाद शिव कॉलोनी और भफहुत नगर इलाके में दहशत का माहौल है। उधर जबलपुर में उनके दोनो बेटों को भी क्वारन्टीन कर दिया गया है। बताया गया कि बड़ा बेटा साथ मे ही जबलपुर गया था जबकि छोटा बेटा बाद में जबलपुर पहुंचा था। अस्पताल प्रशासन ने दोनों को क्वारन्टीन कर दिया है।
लंबी होगी कांटेक्ट लिस्ट
कोरोना का शिकार बने कॉलोनाइजर का नाम सतना के लिए जाना पहचाना है। कॉलोनी की पहचान ही उनके नाम से थी। उनका सामाजिक दायरा भी बड़ा था लिहाजा उनके संपर्क में रहने वालों की संख्या भी बहुत हो सकती है। पारिवारिक सूत्र बताते हैं कि चार से पांच लोग तो हमेशा उनके साथ ही चलते थे।
सतना में पांचवीं मौत
कोरोना से सतना में हुई यह पांचवी मौत है। सबसे पहले खम्हरिया निवासी एक वृद्ध की मौत हुई थी फिर कुशियरा के पांडेय परिवार के शख्स ने रीवा में दम तोड़ा था। तीसरी मौत जबलपुर मेट्रो हॉस्पिटल में मैहर के चौहान परिवार की महिला की और चौथी मौत रीवा में मैहर के ही अग्रवाल परिवार के एक सदस्य की हुई थी। अब जबलपुर मेडिकल हॉस्पिटल में सतना के कॉलोनाइजर की मौत हो गई है। हालांकि सतना जिला प्रशासन अभी इसे सतना से जुड़ा केस मानने को तैयार नही है।
Subscribe to my channel
Comments are closed.