सीनियर सिटीजन एसोसिएशन के द्वारा मेधावी छात्रो का सम्मान समारोह आयोजित

शहडोल। सीनियर सिटीजन एसोसिएशन का मेधावी छात्रों का सम्मान समारोह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के जयंती पर बुढार नगर के एक होटल में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्यअतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक शहडोल जी. जनार्दन एवं शहडोल मेडिकल कॉलेज के डीन डॉक्टर मिलिंद शिरालकर डॉ ए के श्रीवास्तव सहित अन्य उपस्थित थे।
समारोह की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष एमएल मंत्री ने की।समारोह में एसोसिएशन के सचिव मनोहर लाल शर्मा भी मंचासीन रहे। विद्या की अधिष्ठात्री मां सरस्वती जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित व माल्यार्पण कर सरस्वती बंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के द्वारा किया गया।
तत्पश्चात सभी अतिथियों का पुष्प हार से स्वागत किया गया।
मेधावी छात्र सम्मान समारोह में सत्र 2019-20 में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड एवं माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हायर सेकेंडरी परीक्षा में जिले में सर्वोच्च स्थान हासिल करने वाले विज्ञान,गणित व कला संकाय के छात्रों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा शहडोल के दो रक्तदाता व बुढ़ार नगर के सेवानिवृत्त शिक्षको को सम्मानित किया गया।
लक्ष्य निर्धारण कर समय का सदुपयोग करे छात्र
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए समारोह के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक शहडोल जी.जनार्दन ने छात्रों को प्रेरणा दायी उदबोधन देते हुए कहा कि छात्रों को सफलता अर्जित करने के लिए लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ना होगा तथा उन्हे समय के प्रति पूर्णतः पाबंद होना पड़ेगा। यदि छात्र इसका पालन करते हैं तो निश्चित ही वे अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बुजुर्गों तथा शिक्षकों का सदैव सम्मान करने की सीख देते हुए कहा कि पहले आगे बढ़ने के लिए सिर्फ किताबों पर आश्रित रहना पड़ता था लेकिन आज का युग डिजिटल होने के कारण बहुतायत में अध्यापन सामग्री उपलब्ध है,इसलिए उनका सही सदुपयोग करना चाहिए। एडीजी ने छात्रों से समय का सदुपयोग करने का आव्हान करते हुए कहा कि मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती। श्री जनार्दन ने छात्रो से कहा कि आप लोगो के लिए आगे की जंग कठिन है इसलिए लक्ष्य निर्धारित कर समय का सदुपयोग कर मुकाम को हासिल करने के लिए कड़ा परिश्रम करना होगा।

Subscribe to my channel
Comments are closed.