पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पूनिया के झुंझुनू आगमन पर कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

कांग्रेस ने 5 वर्षों में प्रदेश को अराजकता व भ्रष्टाचार दिया – डॉ० सतीश पूनिया
झुंझुनू(सुरेश सैनी)भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया के अलसीसर में आयोजित जन आक्रोश सभा में भाग लेने से पूर्व झुंझुनू पहुंचने पर सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा राष्ट्रीय परिषद प्रतिनिधि विश्वंभर पूनिया एवं नगर मंडल अध्यक्ष कमलकांत शर्मा के नेतृत्व में डॉ० पूनिया का माला एवं दुपट्टा पहना कर स्वागत अभिनंदन किया गया। इस मौके पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए डॉक्टर सतीश पूनिया ने कहा कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने पिछले 5 वर्षों में प्रदेश को अराजकता एवं भ्रष्टाचार के अलावा कुछ भी नहीं दिया। किसानों की कर्ज माफी के नाम पर धोखा, युवाओं की बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में 18 बार पेपर लीक, महिलाओं व दलितों पर अत्याचार, लचर कानून व्यवस्था इन्हीं मुद्दों पर आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को घेरेंगे। कांग्रेस ने अपने जन घोषणा पत्र में जनता से जो वादे किए थे उन्हें पूरा नहीं किया। एक विधायक को मुख्यमंत्री जितना पावर देकर कर्मचारियों को परेशान करना, आवाम को परेशान करना, भ्रष्टाचार में पूर्ण भागीदार होना अपनी चरम सीमा को पार कर चुका है। मुख्यमंत्री ने अपनी कुर्सी बचाने के लिए प्रदेश को विकास रहित बनाकर मात्र भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। विधायकों को निरंकुश छूट देकर अधिकारों की पराकाष्ठा पार कर दी। पूनियां ने कहा कि परिवर्तन यात्रा के दौरान वे झुंझुनू प्रवास पर आएंगे। उसी दौरान इन्हीं मुद्दों पर प्रदेश की आवाम को जगाने का कार्य करेंगे। उन्होंने भ्रष्टाचार को मुख्य मुद्दा बताते हुए कहा कि जब सचिवालय में मुख्यमंत्री की नाक के नीचे सोना और एक बड़ी नगदी मिल जाए उससे बड़े प्रमाण की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि यथा राजा तथा प्रजा जिस प्रकार से मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं उसी प्रकार उनके नीचे मातहत विधायक एवं ब्यूरोक्रेसी भी इसी मार्ग पर चल रही है। राजस्थान के इतिहास में यह 5 वर्ष भ्रष्टाचारी वर्षों के नाम से जाने जाएंगे। उन्होंने बताया कि जांच एजेंसियों के सर्वे में यह साबित हुआ है कि कांग्रेस के राज में 78% कार्य रिश्वत से पूर्ण होते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के द्वारा न्यायपालिका के खिलाफ की गई टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री सरजीत चौधरी, उपाध्यक्ष रामनिरंजन पुरोहित, राजेंद्र भांभू, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष जयसिंह माठ, कुलदीप सिंह कालीपहाड़ी, अर्जुन महला, किशन सिंह शेखावत, रवि लांबा, पार्षद चंद्र प्रकाश शुक्ला, सुनील मोरवाल, महेंद्र सोनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel
Comments are closed.