भारत में सबसे तेजी से उभरता हुआ वेब न्यूज़ चैनल

जिला जनसंपर्क कार्यालय सतना
समाचार
राज्यमंत्री ने सुनी आमजनों की समस्यायें

309
Above News

सतना।नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी सोमवार को विधानसभा क्षेत्र कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में जिले की आम जनता एवं अन्य गणमान्य नागरिक द्वारा प्रस्तुत की गई समस्याओं से रूबरू हुईं। राज्यमंत्री श्रीमती बागरी द्वारा समस्याओं का निराकरण विभिन्न विभाग से आये अधिकारियों द्वारा कराया गया और जिन समस्याओं का निराकरण शासन स्तर पर किया जाना है उसके लिये प्रतिवेदन तैयार करने के निर्देश दिये गए।
——–1
*महात्मा गांधी की जयंती पर मद्य निषेध सप्ताह 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक आयोजित होगा*
*मद्यपान एवं नशे की रोकथाम के लिए विभिन्न आयोजन के कलेक्टर ने दिये निर्देश*
      सतना 30 सितंबर 2024/महात्मा गांधीजी की जयंती के अवसर पर 2 से 8 अक्टूबर 2024 तक मद्य निषेध सप्ताह मनाया जाना हैं। इसका मुख्य उद्देश्य समाज में बढती हुई मद्यपान तथा नशीली दवा, मादक पदार्थों के दुष्परिणामों से युवाओं, विद्यार्थियों एवं समाज को अवगत कराया जाकर नशा सेवन प्रवृत्ति की रोकथाम के लिए जनजागृति एवं चेतना निर्माण किया जाकर जिले को नशामुक्त बनाना हैं।
इस संबंध में कलेक्टर श्री अनुराग वर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किये है कि समाज में बढती मद्यपान, मादक पदार्थों के दुष्परिणामों को रोकथाम एवं जानजागृति लाने के लिए गांधीजी की जयंती 2 अक्टूबर से नशे के प्रति जागरूकता लाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जायेगी। कार्यक्रमों का आयोजन 2 से 8 अक्टूबर तक किया जायेगा। इस पूरे सातों दिवस मद्य निषेध की रोकथाम एवं जनजागृति लाने एवं जिले को नशामुक्त बनाने कार्यक्रम निर्धारित किये गये हैं।
प्रथम दिवस 2 अक्टूबर जिला स्तर पर मद्य निषेध सप्ताह कार्यक्रम शुभारंभ एवं सामूहिक शपथ ग्रहण, 2 अक्टूबर को नशामुक्ति के लिए समस्त जिला मुख्यालायों पर वाहन रैलियों का आयोजन किया जायेगा। 2 अक्टूबर को प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री, विभागीय मंत्री का नशामुक्ति संदेश का वाचन एवं सामूहिक नशामुक्ति शपथ ग्रहण, प्रत्येक नगरीय निकाय, समस्त नगर पालिका/नगर परिषद के प्रत्येक वार्ड में पार्षद, जनप्रतिनिधि की उपस्थिति में नशामुक्ति शपथ ग्रहण कार्यक्रम होगा। समस्त कार्यक्रमों को नशा मुक्त भारत अभियान मोबाइल ऐप पर प्रविष्टि करेंगे। द्वितीय दिवस 3 अक्टूबर को जिले के समस्त महाविद्यालयों एवं हाई/हायर सेकेण्ड्ररी स्कूलों में निबंध लेखन एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। 
तृतीय दिवस 4 अक्टूबर को जिले के समस्त महाविद्यालयों एवं हाई/हायर सेकेन्डरी स्कूलों में नशामुक्ति पर आधारित चित्रकला, रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। चतुर्थ दिवस 5 अक्टूबर को जिले के समस्त नगर, ग्रामों के प्रमुख चौराहों पर नशे के विरूद्ध नुक्कड नाटकों का आयोजन, जिले के समस्त नगर, ग्रामों के प्रमुख चौराहो पर नशा की आदत से छूटे प्रभावी एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के व्याख्यान का आयोजन किया जायेगा। पंचम दिवस 6 अक्टूबर को जिलें के समस्त हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा नशे के प्रति “अपनों के नाम पाती“ का आयोजन एवं जिले के समस्त महाविद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा नशे के प्रति अपनों के नाम पाती पर आयोजन किया जाएगा। छटवां दिवस 7 अक्टूबर को जिले के समस्त गैर सरकारी संगठनों की सहभागिता से युवाओं, छात्र-छात्राओं के द्वारा नशे के प्रति मानव श्रृंखला का निर्माण विभिन्न संस्थानों जैसे स्कूल, कॉलेज आदि में विषय विशेषज्ञों के माध्यम से नशामुक्ति पर व्याख्यान होंगे। जिला मुख्यालया पर नशे के विरूद्ध मैराथन/वाहन रैली का आयोजन किया जायेगा।
सातवां दिवस 8 अक्टूबर को समस्त जिला मुख्यालयों पर साप्ताहिक कार्यक्रम जिले स्तर पर समापन कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाये। जिसमें नशामुक्ति पर आधारित नाटक का मंचन/नृत्य/गीत-संगीत आदि कलात्मक प्रस्तुतिया की जाये। आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रमों के प्रथम/द्वितीय/तृतीय पुरस्कारों का वितरण एवं समस्त सहभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र, साप्ताहिक कार्यक्रमों में स्थानीय जन प्रतिनिधियों/समाज सेवियों की सहभागिता स्थानीय जन प्रतिनिधियों, नशामुक्ति केन्द्रों, विभागीय मान्यता प्राप्त अशासकीय संस्थाओं के प्रतिनिधि, जिले में सक्रिय सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि, जिले में नशामुक्ति के लिए बनाये गये सभी मास्टर वांलिटियर की सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।
———2
*पत्र लेखन प्रतियोगिता 14 सितंबर से 14 दिसंबर तक*
*अखिल भारतीय ढाई आखर पत्र लेखन अभियान वर्ष 2024-25*
     सतना 30 सितंबर 2024/भारतीय डाक विभाग द्वारा अखिल भारतीय ढाई आखर पत्र लेखन अभियान वर्ष 2024-25 के तहत पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन 14 सितंबर से 14 दिसंबर 2024 तक किया जा रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय लेखन का आनंद डिजिटल युग में पत्रों का महत्व The Joy of Writing: Importance of Latters in a Digital age निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता सभी आयु वर्ग के लिए रखी गई है। जिसमें 18 वर्ष तक तथा 18 वर्ष के अधिक की दो श्रेणियां रखी गई है। इन दो श्रेणियों में अंतर्देशीय पत्र (अधिकतम 500 शब्दों में) एवं लिफाफा अधिकतम 1000 शब्दों में की दो उप श्रेणियां रखी गई है। हस्त लिखित पत्र हिन्दी एवं अंग्रेजी में संबंधित प्रवर अधीक्षक डाकघर, अधीक्षक डाकघर कार्यालय के पते पर रजिस्टर्ड डाक/स्पीड पोस्ट के माध्यम से अथवा हाथों-हाथ भेजा जा सकता है। पत्र में प्रतिभागी को उम्र के संबंध में स्वहस्ताक्षरित प्रमाण पत्र देना होगा जो 1 जनवरी 2024 की आयु 18 वर्ष से कम/अधिक है। मध्यप्रदेश परिमंडल से प्रत्येक उप श्रेणी के सर्वश्रेष्ठ तीन पत्रों में क्रमशः 5 हजार, 10 हजार एवं 25 हजार रूपये से पुरूस्कृत किया जायेगा एवं चयनित पत्रों को अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए महानिदेशालय नईदिल्ली भेजा गायेगा। महानिदेशालय नई दिल्ली द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर प्रत्येक उप श्रेणी में चयनित सर्वश्रेष्ठ तीन पत्रों को क्रमश 10 हजार, 25 हजार एवं 50 हजार रूपये से सम्मानित किया जायेगा। पत्र पोस्ट करने की अंतिम तारीख 14 दिसंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद पोस्ट किये गये पत्रों पर विचार नहीं किया जायेगा। परिमंडल स्तर पर चयनित प्रतिभागियों का परिणाम 23 जनवरी 2025 को घोषित किया जायेगा। परिमंडल प्रमुख मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल मध्यप्रदेश परिमंडल भोपाल श्री विनीत माथुर ने मध्यप्रदेश के सभी नागरिकों से अखिल भारतीय ढाई आखर पत्र लेखन अभियान से जुडने की अपील की है।
——–3
*जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायतों का प्लास्टिक बेस कचरा नगर निगम को सौंपा*
     सतना 30 सितंबर 2024/स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024 के तहत जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों से एकत्रित किया गया लगभग 1050 किलोग्राम प्लास्टिक बेस कचरा जिला पंचायत परिसर में सीईओ जिला पंचायत द्वारा सोमवार को नगर पालिका निगम सतना के एमआरएफ को सौपा गया। इस मौके पर अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सतना सुश्री संजना जैन द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान अन्तर्गत नगर निगम की सीमा से 15-20 किलोमीटर के दायरे में आने वाली ग्राम पंचायतों मे विशेष अभियान चलाकर सिंगल यूज प्लास्टिक कचरे के एकत्रिकरण कर नगर पालिका निगम (एमआरएफ) सतना को सौंपने के निर्देश दिये गये थे। जिसमें जनपद पंचायत सोहावल की ग्राम पंचायत रैगांव में सरपंच सोनम राहुल सिंह बघेल द्वारा 300 किलोग्राम, ब्लॉक समन्वयक आशुतोष पाण्डेय ने जनपद पंचायत अमरपाटन की ग्राम पंचायत ताला, मुकुन्दपुर, बेला, लालपुर, भीषमपुर, खरमसेडा एवं अन्य ग्राम पंचायतो से 250 किलोग्राम, ब्लॉक समन्वयक तरूणेन्द्र प्रताप सिंह ने जनपद पंचायत रामपुर बाघेलान की ग्राम पंचायत सज्जनपुर, गोरझ्या तथा बांधा से 300 किलोग्राम, ब्लॉक समन्वयक आगम दास पटेल ने जनपद पंचायत उचेहरा की ग्राम पंचायत इचौल, श्यामनगर, लगरगवां, अटरा तथा पोडी से 200 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्रित कर कचरा गाडी द्वारा जिला पंचायत कार्यालय परिसर लाकर  नगर निगम के एमआरएफ को सौपा गया।
     सीईओ जिला पचांयत संजना जैन ने कहा कि ग्राम पंचायतों में स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता का प्रचार-प्रसार किया जाये। इससे ग्राम पंचायतें स्वच्छता की ओर सजग होगी। उन्होंने कहा कि गांवों में पॉलीथीन के खाने से गाय एवं अन्य मवेशियो को अत्याधिक नुकसान होता है। साथ ही खुल में कचरा पडा रहने से पर्यावरण को भी नुकसान होता है। इसलिए ग्रामो को पॉलीथीन मुक्त बनाये जाने के लिए अभियान चलाया जाना आवश्यक है।
———–4
*मास्टर वालेन्टियर्स का प्रशिक्षण संपन्न*
      सतना 30 सितंबर 2024/संचालनालय सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के निर्देशानुसार 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2024 तक मद्य निषेध सप्ताह के रूप में मनाया जायेगा। मद्य निषेध सप्ताह विकसित भारत का मंत्र, भारत हो नशे से स्वतंत्र की थीम पर मनाया जायेगा। इस संबंध में कार्यक्रम  को सफल संचालन बनाने हेतु संबंधित विभाग प्रमुखों, स्वयं सेवी संगठनों के मास्टर वालेन्टियर्स को सोमवार को ई-दक्ष केन्द्र में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप संचालक, सामाजिक न्याय सौरभ सिंह ने नशे की भयावहता एवं दुष्प्रभाव की विस्तार से जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवेश सिंह ने बताया कि पुलिस विभाग नशीले पदार्थों के वितरण एवं उपलब्धता पर नियंत्रण लगाने का कार्य कर रहा है। किन्तु नशे से ग्रसित लोगों में इसके दुष्प्रभावों की जानकारी देकर मनोवैज्ञानिक सहयोग प्रदान कर इसके दुष्चक्र से बाहर निकालने का प्रयास करना सामाजिक न्याय विभाग का कार्य है। समग्र अधिकारी श्रीमती रूचि बागरी, शोभा तिवारी, श्वेता सक्सेना, सुश्री रचना वर्मा द्वारा पावर प्वांइट प्रजेंटेशन द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में प्रोफेसर क्रांति मिश्रा, संजय सिंह, राम सिंह, डॉ अमर सिंह, निवेदिता सिंह, ख्याति पाण्डेय, कल्पना पाण्डेय एवं विभिन्न स्वयं सेवी संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रमुख कलाकार केके शुक्ला द्वारा किया गया।  इस मौके पर गणेश प्रसाद कुशवाहा, पुण्यवती गुप्ता, आरपी चौधरी, सत्यदेव नापित, प्रशांत प्रजापति, अंकुर श्रीवास्तव, धर्मेन्द्र वर्मा, सुमित खरे एवं रामभवन शुक्ला उपस्थित थे।
———-5
*मोटर यातायात श्रमिक अधिनियम के तहत श्रमिकों के रिकार्ड संधारित होंगे*
सतना ।बस मोटर नियोजक यातायात श्रमिक अधिनियम 1961 के अंतर्गत पंजीयन व श्रम कानूनों के परिपालन में श्रमायुक्त द्वारा मोटर यातायात श्रमिक अधिनियम 1961 सहपठित म.प्र. मोटर यातायात श्रमिक नियम 1963 का सुचारू रूप से क्रियान्वयन करने के आदेश जारी किये गये है। प्रभारी सहायक श्रमायुक्त हेमन्त कुमार डेनियल ने जानकारी देते हुए बताया कि मोटर यातायात श्रमिक अधिनियम अंतर्गत वाहनों में कार्यवाही कर संबंधित शासकीय/अशासकीय चलित, निजी निकायों, संस्थानों के अंतर्गत संचालित मोटर यातायात संस्थानों अधिनियम के अंतर्गत पंजीयन, श्रमिकों की उपस्थित, वेतन भुगतान रजिस्टर, साप्ताहिक अवकाश व अन्य अवकाश अधिसमय (ओवर टाइम), यूनीफार्म एवं चिकित्सा सुविधा प्रदाय किये जाने संबंधी अभिलेख के परीक्षण उप निरीक्षण के निर्देश सभी श्रम निरीक्षकों को दिये गये हैं। इस संबंध में कार्यवाही के साथ आदेशों का परिपालन सुनिश्चित करेंगे।
———–6
*अलाउद्दीन खां संगीत समारोह के आयोजन को लेकर कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक*
सतना /मैहर कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती रानी बाटड़ की उपस्थित में सोमवार को उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह के आयोजन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल, अपर कलेक्टर शैलेंद्र सिंह, एएसपी मुकेश वैश्य, एसडीएम विकास सिंह, सीएसपी राजीव पाठक, सीएमओ लालजी ताम्रकार, सीईओ प्रतिपाल बागरी, केसी जैन, उत्तम पाण्डेय तथा अनिल जायसवाल सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
———–7
*मैहर में शारदेय नवरात्रि मेला 3 से 12 अक्टूबर तक*
*नवरात्रि मेले की व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने ली विभागीय अधिकारियों की बैठक*
सतना/जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय मैहर के सभाकक्ष में सोमवार को कलेक्टर रानी बाटड़ की उपस्थिति में आगामी नवरात्रि मेले की व्यवस्था को लेकर विभागीय अधिकारी एवं मां शारदा प्रबंध समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस संबंध में कलेक्टर मैहर रानी बाटड ने मेला की तैयारियों के संबंध प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल, अपर कलेक्टर शैलेंद्र सिंह, एएसपी मुकेश वैश्य, एसडीएम विकास सिंह, सीएसपी राजीव पाठक, सीएमओ लालजी ताम्रकार, सीईओ प्रतिपाल बागरी, पीडब्ल्यूडी एमके त्रिपाठी सहित समिति कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर मैहर श्रीमती बाटड ने कहा कि मैहर के नवरात्रि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां शारदा के दर्शन के लिये मैहर पहुंचेंगे। मां शारदा देवी के चैत्र नवरात्रि मेला में श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखा जाए। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को पेयजल के पुख्ता इंतजाम किए जाएं तथा साफ-सफाई रखने हेतु आवश्यक स्थानों पर डस्टबिन रखी जाए। जिससे मेला प्रांगण साफ-स्वच्छ रहे। विद्युत की निर्बाध आपूर्ति रखने तथा कटे-फटे तारों को दुरुस्त करने संबंधी अधिकारियों को निर्देश दिए। तीर्थ यात्रियों को प्राथमिक उपचार की दृष्टि से प्राथमिक चिकित्सा एवं वाहनों की पार्किंग, यातायात व्यवस्था तथा खोया पाया केंद्र बनाने, एम्बुलेंस एवं पेट्रोलिंग वाहन को तैयार रखने, क्षतिग्रस्त जालियों को व्यवस्थित करने सीढी मार्ग में दुकान लगाना प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए गये। उन्होने कहा कि नवरात्रि मेले जैसे बड़े आयोजन की सफलता के लिये सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी ईमानदारी के साथ ड्यूटी करें। आपसी समन्वय के साथ काम करें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अपने उच्च अधिकारी को इसकी सूचना दें। कलेक्टर ने कहा कि नवरात्रि मेले के दौरान बंधा वैरियल से सभी के लिए दो पहिया और चार पहिया वाहन प्रतिबंधित रहेंगे बंधा बेरियाल से अंदर आने के लिए सभी लोग ई-रिक्शा का प्रयोग करेंगे, केवल आवश्यक सेवा जैसे एंबुलेंस, दमकल, विद्युत सुधार वाहन, सफाई वाहन एवं पानी के टैंकर को अंदर जाने की अनुमति रहेगी। लाल गेट से मंदिर गर्भ गृह तक दर्शनार्थियों को क्रमबद्ध पहुंचने हेतु जिक-जैक की जाली लगाई गई है। सफाई व्यवस्था के लिए सफाई मित्रो की तैनाती के लिए प्रबंधक समिति और नगरपालिका को निर्देशित किया गया। सीढी और पहाड़ी के रास्ते मंदिर में घुसपैठ करने वाली जगह को चिन्हित करके लोहे की जाली लगाने के निर्देश दिए। सड़क किनारे के अवैध अतिक्रण को हटाने के निर्देश दिए। मैहर पहुंचने वाले मुख्य मार्गो सतना, रीवा, कटनी एवं रीवा रोड पर वाहनों के जांच हेतु प्वाइंट बनाए गए है। मंदिर परिसर में भंडारे के आयोजन के पहले प्रबंधक समिति से अनुमति के बाद ही भंडारे प्रसाद का वितरण कर सकते है। पानी व्यवस्था हेतु 25 टैंकर लगाए गए है साथ ही सभी को निर्देशित किया गया कि सड़क में विचरण कर रहे गौवंशों को गौशाला तक पहुंचाने का कार्य करे। मुख्य चौराहे एवं मार्गो की सजावट करने के लिए अधिकाररियों को निर्देशित किया गया।
———–8
*विकासखण्ड स्तरीय रोजगार मेला आज अमरपाटन में*

सतना।शासकीय आईटीआई सतना एवं जिला रोजगार कार्यालय सतना द्वारा सुपरवाइजर पद की भर्ती के लिये सतना एवं मैहर जिले की समस्त शासकीय आईटीआई संस्थाओं में एक दिवसीय प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजित किया जा रहा है। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि 4 अक्टूबर 2024 तक सतना एवं मैहर जिले की शासकीय आईटीआई संस्थाओं में अलग-अलग तिथियों में प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित कर एसआईएस सिक्योरिटी सर्विस सिंगरौली में सिक्योरिटी गार्ड/सुपरवाइजर पद के लिये योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जायेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि 1 अक्टूबर को शासकीय आईटीआई अमरपाटन, 3 अक्टूबर को शासकीय आईटीआई मैहर, 4 अक्टूबर को शासकीय आईटीआई सतना में प्रातः 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जायेगा। जिसमें आयु 19 से 40 वर्ष आयुवर्ग तथा 10वीं पास/फेल, 12वीं उत्तीर्ण बेरोजगार आवेदक अपने मूल रिकार्ड के साथ निर्धारित स्थान पर उपस्थित हो सकते हैं। भर्ती से संबंधित जानकारी के लिए अनूप सिंह बैस मो. 7470803157 पर सम्पर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
———-9
*मैहर मंदिर परिक्रमा पथ का निरीक्षण कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा*
सतना/मैहर कलेक्टर रानी बाटड ने सोमवार को नवरात्रि मेले की व्यवस्था को लेकर सीढियों से  मां शारदा देवी मंदिर तक पहुंचकर मंदिर परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था तथा साफ-सफाई कार्य का जायजा लिया। उन्होंने मां शारदा प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सुरक्षा कर्मियों से रूबरू चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि पूरे देश से श्रृद्वालु और पर्यटक मैहर में मां शारदा देवी के दर्शन करने पहुंचते हैं। पूरी कर्तव्य निष्ठा और परायणता के साथ मंदिर परिसर और मैहर नगर की साफ-सफाई और भव्यता की ऐसी कोशिश करें कि देश-देशांतर से आने वाले श्रृद्वालु मैहर की अमिट छाप लेकर यहां से लौटें।
———10
*जिले के सेवानिवृत होने वाले पहले अधिकारी रहे केएस भदौरिया*
सतना/शासकीय सेवा में 35 वर्ष 9 माह की सेवा के पश्चात मैहर जिले के प्रभारी जिला खाद्य अधिकारी केएस भदौरिया 30 सितंबर को सेवानिवृत हो गए। प्रथम नियुक्त में केएस भदौरिया ने खाद्य विभाग में 2 जनवरी 1989 को जबलपुर में ज्वाइन किया था। नवगठित जिले मैहर में वर्ष भर सेवा देने के पश्चात केएस भदौरिया जिले के पहले अधिकारी हैं। जिनके सेवानिवृत्त पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उनकी कार्य प्रणाली और कर्तव्य निष्ठा का स्मरण करते हुए भावभीनी विदाई दी गई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष मैहर में आयोजित सेवानिवृत्ति विदाई कार्यक्रम में कलेक्टर रानी बाटड ने जिला खाद्य अधिकारी को सम्मानित कर प्रतीक चिन्ह प्रदान किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर शैलेंद्र सिंह, एसडीएम विकास सिंह, तहसीलदार जितेन्द्र पटेल, सीएमओ लालजी ताम्रकार सहित कार्यालयीन अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
————11
*5 अक्टूबर को मैहर जिले का गौरव दिवस का आयोजन*
*विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा*
      सतना 30 सितंबर 2024/मैहर नवगठित जिले की वर्षगांठ 5 अक्टूबर को गौरव दिवस के रूप में मनाया जायेगा। जिसमें विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। जिसको लेकर मैहर कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर रानी बाटड़ की अध्यक्षता में जन अभियान परिषद एवं विद्यालय के प्रतिनिधियों के कार्यक्रमों के आयोजनों को लेकर बैठक की गई।
इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए आयोजित किए जाएंगे। मुख्यतः बच्चो के द्वारा आयोजित होने वाले फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में पर्यावरण से संबंधित पहनावा आयोजित किया जायेगा। साथ ही प्लास्टिक के डिपोजल ग्लास प्लेट का उपयोग न करते हुए पेड़ के पत्तो के बने दोना पत्तल का प्रयोग किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा की मैहर जिले के तीनों ब्लाक को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। जिसमें चुनर यात्रा, सामूहिक रूप से राष्ट्रगान, सांस्कृतिक नृत्य, गायन, खेलकूद, खाने के स्टाल, रंगोली, मेहंदी,अटाला आर्ट, पेंटिंग, सलाद डेकोरेशन, फ्लावर डिकोर्सन, अटाला आर्ट, फोग, सामान्य ज्ञान, फैंसी ड्रेस का आयोजन किया जाना है जिसको लेकर जिला स्तरीय तैयारिया शुरू हो गई है। इस आयोजन में जिला भर से महिला, पुरुष, दिव्यांग जन, स्कूली एवं गैरस्कूली बच्चे भाग ले सकते है। गौरव दिवस के कार्यक्रम की शुरुवात वेद विद्यालय के छात्रों के द्वारा वेद मंत्रों के साथ किया जायेगा। जिसके बाद घंटाघर से मां शारदा मंदिर तक चुनर यात्रा का आयोजन किया जाना है। जिसमे स्थानीय लोगो भजन कीर्तन का गायन किया जायेगा। इसके बाद हजारों की संख्या में सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद विभिन्न कार्यक्रम एवं अंत में लेजर लाइट शो का आयोजन मैहर बाबा अलाउद्दीन खां स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने मैहर जिले के नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
———–12
*वन अपराध में संविदा रोजगार सहायक बांका की सेवा समाप्त*
सतना/जनपद पंचाय मझगवां की ग्राम पंचायत बांका में पदस्थ ग्राम रोजगार सहायक अरूणेन्द्र सतनामी के विरूद्ध वन्यप्राणी के अवैध शिकार में लिप्त होने से वन अपराध के पंजीबद्ध होने और जेल में निरूद्ध होने पर रोजगार सहायक की संविदा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है। जिला पंचायत की सीईओ संजना जैन ने रोजगार सहायक सतनामी के विरूद्ध वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध होने और 5 सितंबर से केन्द्रीय जेल में निरूद्ध होने पर तत्काल प्रभाव से सेवायें समाप्त कर दी है।
———–13
*1 आदतन अपराधी को जिला बदर*
सतना/जिला दण्डाधिकारी अनुराग वर्मा ने मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 धारा-5 के अन्तर्गत जिले के 1 आदतन अपराधी को सम्पूर्ण सतना जिला एवं समीपवर्ती जिला पन्ना, रीवा, मैहर की राजस्व सीमा से बाहर चले जाने के आदेश दिए हैं। जिला दण्डाधिकारी के आदेश के मुताबिक थाना सिटी कोतवाली के अंर्तगत ग्राम उमरी (महदेई) निवासी अरविन्द सिंह उर्फ छोटे उर्फ छोटू पिता योगेन्द्र सिंह उर्फ लवकुश सिंह उर्फ लवकेश सिंह उम्र 25 वर्ष को उपरोक्त जिलों की सीमाओं से बाहर जाकर अपना आचरण सुधारने के निर्देश देने के साथ ही बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति प्राप्त किए एक वर्ष की कालावधि तक इन जिलों की सीमाओं में प्रवेश नहीं करने का आदेश दिया गया है।
———-14
*1 अक्टूबर को अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया जाएगा*
सतना /वरिष्ठजनों को आत्मीय सम्मान देने के लिये 1 अक्टूबर को “अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस“ के रूप में मनाया जाता है। वरिष्ठजनों द्वारा जीवनभर परिवार व समाज को दिये गये अमूल्य सहयोग के लिये, वृद्धावस्था में सम्मानपूर्वक जीवनयापन करने के उद्देश्यों के तहत व उनके प्रति सम्मान की भावना व्यक्त की जाना हम सभी का नैतिक दायित्व है। भारतीय समाज के परम्परागत मूल्यों में वरिष्ठजनों को सम्मान देने, देखभाल करने पर बल दिया गया है। वर्तमान परिप्रेक्ष्य में समाज में धीरे-धीरे संयुक्त प्रणाली का विघटन होने के परिणाम स्वरूप भावनात्मक, शारीरिक, मानसिक और आर्थिक सुरक्षा के अभाव में वरिष्ठजनों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वृद्धजनों की सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा आर्थिक जरूरतों को पूरा करने और वृद्धजनों की भावनात्मक जरूरतों के प्रति संवेदनशील सामाजिक वातावरण निर्माण किये जाने की नितान्त आवश्यकता है।
कलेक्टर अनुराग वर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वरिष्ठ आश्रमों में निवासरत वृद्धजनों को संस्था स्तर पर ही सम्मानित किया जाये, वरिष्ठ आश्रमों में निवासरत वृद्धजनों के लिये इन्डोर गेम जैसे केरमबोर्ड, लूडो, शतरंज, गीत और संगीत का आयोजन किया जाये, वरिष्ठजनों की रूचियों के अनुसार मोबाईल फोन, इंटरनेट और कम्प्यूटर के उपयोग करने के संबंध में शिविरों का आयोजन कर प्रशिक्षित करें, राष्ट्रीय स्वास्राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन तथा जिला अस्पतालों, सिविल डिस्पेंशरी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के माध्यम से वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिये शिविर आयोजित कराए, माता-पिता ओर वरिष्ठजनों की भरण-पोषण तथा कल्यांण अधिनियम 2007 तथा म.प्र. नियम 2009 में वरिष्ठजनों के अधिकार के लिये निहित प्रावधानों की जानकारी वरिष्ठजनों को दें, जनरेशन गैप (Generation Gap) दूर करने के लिये विद्यालयीन, महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं और युवाओं के साथ विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन कराए तथा वरिष्ठजनों की समस्याओं का निराकरण करने के लिए प्रदेश में संचालित Elderline 14567 का प्रचार-प्रसार भी कराए।
————15
*शासकीय उचित मूल्य दुकान लटागांव का प्राधिकार पत्र निलंबित*
     सतना 30 सितंबर 2024/अनुविभागीय अधिकारी एवं दुकान आवंटन प्राधिकारी मैहर विकास सिंह ने उचित मूल्य दुकान लटागांव के विक्रेता संतोष त्रिपाठी द्वारा दुकान के संचालन के दौरान सार्वजनिक वितरण प्रणाली का 30 लाख 25 हजार मूल्य का 939 क्विंटल खाद्यान्न सामग्री का अपयोजन करने पर उचित मूल्य दुकान लटागांव का प्राधिकार पत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। संबंधित अपचारी विक्रेता पर बदेरा थाने में पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। विक्रेता संतोष त्रिपाठी को पूर्व में नोटिस जारी कर अनियमिताओं के संबंध में स्पष्टीकरण भी लिया गया है। जवाब संतोष प्रद और समाधान कारक नहीं पाए जाने पर दुकान का आवंटन आदेश स्थगित कर दिया गया है। लटागांव की दुकान से संबद्ध उपभोक्ताओं को सुविधा के लिए शासकीय उचित मूल्य दुकान झांझबरी से संबद्ध किया गया है।
+++++++16
बेबाक शक्ति से जिला संवाददाता रोहित कुमार पाठक विज्ञापन प्रचार और पेपर एजेंसी लेने के लिए आप संपर्क कर सकते हैं 8821934125 पर

खबरों के अपडेट पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More

Privacy & Cookies Policy
E-Paper