अंबाह नगर में सुरक्षा के कैमरे हुए “ब्लाइंड” 20 दिन से मुरैना तिराहा CCTV बंद, प्रशासन बना मूक दर्शक!

अंबाह। नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर लगाए जा रहे लाखों रुपये के कैमरे अब खुद बेबस हो गए हैं। नगर पालिका द्वारा अपराध नियंत्रण और निगरानी के लिए लगाए गए 56 सीसीटीवी कैमरों में से आधे पिछले कई दिनों से बंद पड़े हैं।
सबसे अहम बात यह है कि मुरैना तिराह, जो नगर का सबसे व्यस्त और संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, वहाँ के कैमरे पिछले 20 दिनों से बंद हैं। बीती 8 नवंबर की रात जब इस तिराहे पर एक दंपति के साथ तीन असामाजिक तत्वों ने मारपीट की, तो पुलिस ने जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने की कोशिश की — पर पता चला कि कैमरे तो “डेड” पड़े हैं।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि नगर पालिका के कर्मचारियों को इस संबंध में कई बार सूचित किया गया, लेकिन किसी ने सुधार का प्रयास नहीं किया। ऐसे में सवाल उठता है कि जब सुरक्षा व्यवस्था ही ठप हो, तो अपराधियों को कौन रोकेगा?
नगर पालिका सीएमओ शबीर कौंसार ने कहा, “कैमरे बंद हैं, मैं चेक करवाऊंगा।” हालांकि, नागरिकों का कहना है कि “चेक करवाऊंगा” जैसी बातें अब सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई हैं।
नगर में लगे 56 कैमरों में से लगभग आधे कैमरे काम नहीं कर रहे, और जो चालू हैं, उनमें भी कई की रिकॉर्डिंग क्वालिटी बेहद खराब है। तकनीकी रखरखाव और निगरानी के अभाव में अंबाह की सुरक्षा अब भगवान भरोसे नजर आ रही है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर पालिका तुरंत कैमरों की मरम्मत कराए, फुटेज मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी तय करे, ताकि भविष्य में अपराधी कानून से बच न सकें।

Subscribe to my channel
Comments are closed.