नखती गाँव में शहीद परिमाल सिंह तोमर को हजारों लोगों ने दी भावपूर्ण अंतिम विदाई

मुरैना जिले के नखती गांव में गुरुवार दोपहर उस वक्त माहौल गमगीन हो गया, जब अंबाह–सागर सड़क हादसे में शहीद हुए पुलिस विभाग के हेड कॉन्स्टेबल परिमाल सिंह तोमर को हजारों लोगों की मौजूदगी में अंतिम विदाई दी गई।
सुबह जब शहीद का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, तो पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया। परिजनों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार के दौरान भावनाएं इतनी भारी थीं कि पिता का पार्थिव शरीर देखकर शहीद की बेटी बेहोश हो गई, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो उठीं।
बुधवार सुबह सागर जिले के बांदरी थाना क्षेत्र में पुलिस टीम की गाड़ी ट्रक से टकरा गई थी, जिसमें परिमाल सिंह सहित चार जवान शहीद हो गए। यह टीम बालाघाट में नक्सल विरोधी अभियान से लौट रही थी। देर रात 2 बजे पार्थिव देह मुरैना लाई गई, जहां पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि दी गई।
ग्रामीणों ने कहा कि हेड कॉन्स्टेबल परिमाल सिंह तोमर का साहस और बलिदान हमेशा याद किया जाएगा।

Subscribe to my channel
Comments are closed.