अंबाह थाना परिसर में लावारिस वाहनों की नीलामी, 6.75 लाख की बोली लगाकर श्रीराम एंड कंपनी बनी विजेता
विकास सचदेव की ब्यूरो रिपोर्ट

176 वाहनों के एकमुश्त निस्तारण में नौ फर्मों ने लिया हिस्सा, राजस्व व पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हुई प्रक्रिया
मुरैना/अंबाह। थाना परिसर अंबाह में गुरुवार को लावारिस एवं राजसात वाहनों की सार्वजनिक नीलामी पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। नीलामी प्रक्रिया राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त निगरानी में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न जिलों एवं राज्यों से आई कुल नौ फर्मों ने भाग लेकर प्रतिस्पर्धी बोली लगाई।
नीलामी की शुरुआत 5 लाख 70 हजार 500 रुपये की आधार राशि से हुई। बोली प्रक्रिया के दौरान लगातार बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच श्रीराम एंड कंपनी ट्रेडर्स, पोरसा रोड अंबाह ने 6 लाख 75 हजार रुपये की सर्वाधिक बोली लगाकर नीलामी अपने नाम कर ली।
इस नीलामी में कुल 176 वाहन शामिल किए गए थे, जिनमें 6 चार पहिया एवं 170 दो पहिया वाहन थे। सभी वाहनों का एकमुश्त निस्तारण सार्वजनिक नीलामी के माध्यम से किया गया।
नीलामी प्रक्रिया के दौरान राजस्व विभाग की ओर से तहसीलदार नरेश शर्मा तथा पुलिस विभाग की ओर से एसडीओपी रवि भदौरिया एवं थाना प्रभारी वीरेश कुशवाहा उपस्थित रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया गया।

Subscribe to my channel
Comments are closed.