शहडोल में तालाब पर भूमाफियाओं की नजर: वार्ड 25 में 0.1210 हेक्टेयर तालाब की मेड़ काटी, सीमेंट पोल से बाउंड्री

*शहडोल।* नगर पालिका क्षेत्र वार्ड नंबर 25 में जल निकाय पर अवैध कब्जे का बड़ा मामला सामने आया है। ग्राम सौखी खसरा नंबर 71, रकबा 0.1210 हेक्टेयर जो राजस्व रिकॉर्ड में तालाब के रूप में दर्ज है, उसकी मेड़ काटकर उसे समतल कर बेचने की तैयारी चल रही है।
*होटल त्रिदेव के पीछे चल रहा खेल*
स्थानीय लोगों के अनुसार होटल त्रिदेव के पीछे, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास स्थित इस तालाब पर पिछले दो दिनों से काम चल रहा है। मौके पर तालाब की मेड़ को काटकर चूना डालकर निशान लगाए गए हैं और सीमेंट के पोल लगाकर बाउंड्री की जा रही है। अतिक्रमण खसरे के निर्धारित रकबे से भी ज्यादा क्षेत्र पर है।
*कानून की खुली अनदेखी*
राजस्व अभिलेख में दर्ज तालाब को इस तरह नष्ट करना म.प्र. भू-राजस्व संहिता की धारा 248 और सुप्रीम कोर्ट के आदेश (जल निकायों को नष्ट नहीं किया जा सकता) का सीधा उल्लंघन है। तालाब के खत्म होने से बरसात में पूरे वार्ड में जलभराव और पर्यावरण को भारी नुकसान होगा।
*प्रशासन से मांग*
कलेक्टर शहडोल, SDM सोहागपुर और नगर पालिका से मांग की है कि पटवारी/RI द्वारा तत्काल सीमांकन कराकर अतिक्रमण हटाया जाए और दोषियों पर धारा 248 के तहत कार्रवाई की जाए।

Subscribe to my channel
Comments are closed.