मैहर मंदिर समिति के दफ्तर में कोरोना की एंट्री,कैशियर संक्रमित ,मृत प्रॉपर्टी डीलर के ड्राइवर समेत 4पॉजिटिव

दो मौतों के बाद मैहर ,अमरपाटन में मिले 3 नए पेशेंट, जबलपुर में भी एक मरीज पॉजिटिव
सतना । बीते 24 घंटों के दौरान सतना जिले के दो लोगों की जिंदगी निगल चुके कोरोना वायरस covid 19 ने चार और लोगों को अपना शिकार बनाया है। इस खतरनाक वायरस ने मैहर स्थित माता शारदा देवी के मंदिर की प्रबंध समिति के कार्यालय में भी एंट्री की है। समिति का कैशियर कोरोना पॉजिटिव मिला है तो जबलपुर में कोरोना से मृत प्रॉपर्टी डीलर का ड्राइवर भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसके अलावा भी मैहर और अमरपाटन में कोरोना के दो मरीज पाए गए हैं। इधर सतना में एक नामी चिकित्सक भी होम क्वारन्टीन में चले गए हैं जबकि खतरे के बादल नगर निगम दफ्तर पर भी मंडराने लगे हैं।
मंदिर समिति के कैशियर को कोरोना
दुनिया भर में प्रसिद्ध मैहर के माता शारदा देवी के मंदिर के प्रबंधन का कामकाज देखने वाली मंदिर प्रबंध समिति के कार्यालय में भी कोरोना वायरस ने एंट्री कर ली है। समिति का चौरसिया कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय कैशियर कोरोना संक्रमित पाया गया है। सोमवार को वायरोलॉजी लैब से आई रिपोर्ट में कैशियर के covid 19 पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट आने के बाद समिति का दफ्तर सील कर दिया गया है और कैशियर को आइसोलेशन में भेजे जाने के साथ ही उसकी कांटेक्ट लिस्ट तैयार की जाने लगी है। उसकी कांटेक्ट लिस्ट में कई प्रशासनिक और मंदिर से जुड़े लोगों के भी नाम होने का अंदेशा जताया जा रहा है। बताया जाता है कि वह मैहर एसडीएम एवं प्रशासक मंदिर प्रबंध समिति के भी संपर्क में रहता था। फिलहाल उसके परिवार के 15 लोगों और समिति कार्यालय के 15 लोगों समेत 30 लोगों को क्वारन्टीन किया गया है। उनकी जांच की जाएगी।

शहर के टिकुरिया टोला पहुंची टीम,cmho डॉ एके अवधिया एवं तहसीलदार मानवेन्द्र सिंह ने निरीक्षण किया । हालांकि अभी इसे कंटेन्मेंट नही किया गया है।
मृत महिला के परिवार की एक और महिला में संक्रमण की पुष्टि
गत 14 जुलाई को जबलपुर में कोरोना से मृत मैहर के सक्सेना कॉलोनी निवासी महिला के परिवार की एक और महिला कोरोना पॉजिटिव आई है। चौहान परिवार की 24 वर्षीय महिला में covid 19 संक्रमण की पुष्टि लैब रिपोर्ट में हुई है। इस परिवार में कोरोना से एक महिला की मौत हो चुकी है जबकि 4 महिलाएं पहले ही पॉजिटिव पाई जा चुकी हैं। गौरतलब है कि मैहर के बड़े खनिज कारोबारी के परिवार की 58 वर्षीया महिला की जबलपुर मेट्रो हॉस्पिटल में मृत्यु हो गई थी। अंतिम संस्कार के बाद उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी लिहाजा 160 लोगों की सेम्पलिंग कराई गई थी।
अमरपाटन का होटल संचालक भी संक्रमित
अमरपाटन में कोरोना संक्रमित पाए गए कपड़ा व्यापारी के कांटेक्ट में रहा एक होटल संचालक भी कोरोना पॉजिटिव निकला है। अमरपाटन के गांधी चौक में होटल चलाने वाले गुप्ता परिवार के इस 60 वर्षीय कोरोना पेशेंट को आइसोलेशन भेज दिया गया है। क्षेत्र को सील भी कर दिया गया है लेकिन इस सब से पहले बड़ी लापरवाही का मामला भी चर्चा में है। खबर है कि होटल संचालक का सेम्पल 4 दिन पहले लिया गया था लेकिन न तो होटल बंद कराया गया था और न ही होटल संचालक को क्वारन्टीन कराया गया था। वह अपने होटल में बैठ कर लोगों को चाय नाश्ता बेच रहा था। अब जब उसकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है तब से लोगों के होश फाख्ता हैं। सेम्पलिंग के बाद से रिपोर्ट आने तक वह न जाने कितने लोगों के संपर्क में आया है।
मृत प्रॉपर्टी डीलर का ड्राइवर भी covid 19 पॉजिटिव ,बेटों की रिपोर्ट का इंतजार
सतना शहर की भरहुत नगर शिव कॉलोनी में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर की जबलपुर में बीती रात हुई मौत के बाद अब उनका ड्राइवर भी जबलपुर में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उनके दोनो बेटे भी जबलपुर में ही हैं ,सेम्पलिंग उनकी भी की गई है और क्वारन्टीन कर दिया गया है। बेटों की रिपोर्ट अभी नही आई है। बताया जाता है कि मृत प्रॉपर्टी डीलर के यहां जो ड्राइवर काम करता था वह नही बल्कि उतैली क्षेत्र में रहने वाला उनका कोई पारिवारिक सदस्य ही ड्राइवर बन कर उनके साथ जबलपुर गया था। बताया जाता है कि तबियत बिगड़ने के पहले मृत प्रॉपर्टी डीलर चित्रकूट भी गया था ,वहां कई आश्रमों में भी उसने लोगों से मुलाकात की थी। बाद में उसके प्लेटलेट्स डाउन होने लगी थीं। सतना में चिकित्सको से उसने इलाज कराया था।
शहर के एक नामी मेडिसिन चिकित्सक होम क्वारन्टीन में
कोरोना से मरीजों की मौत और नए मरीजों के लगातार सामने आने की खबरों के बीच शहर के एक नामी चिकित्सक भी होम क्वारन्टीन में चले गए हैं। जिला अस्पताल में पदस्थ मेडिसिन स्पेशलिस्ट चिकित्सक ने अपना क्लिनिक भी सोमवार की दोपहर बंद कर दिया। उन्होंने अपनी सेम्पलिंग कराई है और खुद को होम क्वारन्टीन कर लिया है। बताया जाता है कि चिकित्सक ने कोरोना पॉजिटिव पाए गए मरीज का इलाज किया था। मरीज की रिपोर्ट आने की खबर मिलने के बाद डॉक्टर ने खुद ही एहतियाती कदम उठा लिए हैं। जनचर्चा है कि मृत प्रॉपर्टी डीलर ने भी जबलपुर जाने के पहले सतना में यहीं के चिकित्सकों से इलाज कराया था।

Subscribe to my channel
Comments are closed.